केंद्रीय मंत्री शिवराज के लोकसभा क्षेत्र में बदहाली, अंतिम संस्कार के लिए उफनती नदी पैदल पार करने को मजबूर ग्रामीण
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह लोकसभा क्षेत्र विदिशा के कचनारिया गांव में सिस्टम की पोल खुल गई। श्मशान घाट के लिए पुल न होने से ग्रामीणों को बुजुर्ग महिला का शव कंधे पर उठाकर उफनती नदी पार करनी पड़ी।
विदिशा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह लोकसभा क्षेत्र विदिशा में बारिश के दौरान बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत मूडला खुर्द के कचनारिया गांव में एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों को शव कंधे पर उठाकर उफनती नदी पार करनी पड़ी। श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ी।
बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ा हुआ था। अंतिम यात्रा के दौरान ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती श्मशान घाट तक शव पहुंचाने की थी। गांव से घाट तक जाने के लिए नदी पर कोई पुल या सुरक्षित रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने एक-दूसरे का सहारा लिया और शव को कंधों पर उठाकर पानी के बीच से आगे बढ़े।
यह भी पढ़ें:नेतृत्व संकट से घिरा टाटा संस, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने दिया इस्तीफा
इस दौरान नदी का बहाव इतना तेज था कि जरा सी लापरवाही या पैर फिसलने पर बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बावजूद ग्रामीणों के पास कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं था। मजबूरी में उन्होंने जोखिम उठाया और शव को नदी पार कर श्मशान घाट तक पहुंचाया।
कचनारिया गांव के लोगों का कहना है कि श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए सुरक्षित मार्ग और नदी पर पुल की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। नदी में पानी बढ़ने के बाद आवागमन मुश्किल हो जाता है और किसी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार तक के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान गांव में विकास और सुविधाएं उपलब्ध कराने के वादे किए जाते हैं लेकिन सालों बाद भी जमीनी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ है। उनका कहना है कि श्मशान घाट जैसे जरूरी स्थान तक पहुंचने के लिए भी अगर लोगों को नदी पार करनी पड़े तो यह गांव में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें:हरदा के यशवर्धन ने रचा इतिहास, 10 माह की आयु में 95 सेकंड का किया डेड हैंग
कचनारिया गांव विदिशा लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां से शिवराज सिंह चौहान सांसद हैं। वर्तमान में वह केंद्र सरकार में कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में उनके गृह लोकसभा क्षेत्र में अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों को उफनती नदी पार करने की तस्वीर ने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को बारिश के मौसम में उत्पन्न होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। ग्रामीणों ने श्मशान घाट तक पहुंचने वाले रास्ते को दुरुस्त करने और नदी पर जल्द पुल बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी परिवार को अपने परिजन की अंतिम यात्रा के दौरान इस तरह जान जोखिम में न डालनी पड़े।
यह भी पढ़ें:MP में मानसून के स्ट्रांग सिस्टम से बिगड़े हालात, 5 जिलों में बाढ़ का खतरा




