MP में मॉनसून का कहर, सिवनी में नदी में फंसे युवक का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू, जबलपुर में नदी में बही पिकअप

मध्य प्रदेश में मॉनसून की एंट्री के साथ ही कई जिलों में जारी है भीषण बारिश का दौर, जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर मिट्‌टी में कटाव के कारण कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट।

Updated: Jun 28, 2023, 07:31 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद से ही कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है। नरसिंहपुर जिले में पिछले 24 घंटे में करीब साढ़े 8 इंच बारिश दर्ज की गई है। यहां जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर बारुरेवा रेलवे पुल की मिट्‌टी में कटाव हो गया है। जिसके चलते कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। उधर, सिवनी के केवलारी ब्लॉक में वैन गंगा नदी में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सिवनी जिले के केवलारी ब्लॉक अंतर्गत खरपडिया गांव में 6 लोग नदी के टापू पर फंस गए थे। प्रशासन द्वारा उन्हें हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है। सीएम शिवराज सिंह ने ट्वीट कर रेस्क्यू की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मैं लगातार मौके पर उपस्थित कलेक्टर और रेस्क्यू ऑपरेशन के अधिकारियों के संपर्क में हूं।

टापू पर फंसे लोगों में 1 महिला और 5 पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग मवेशी चराने गए थे। यहां अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिससे ये टापू में फंस गए। मौके पर केवलारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।

उधर, जबलपुर में हिरन नदी के तेज बहाव में एक पिकअप बह गई। हादसा मझौली थाना क्षेत्र के गाढ़ा गनियारी गांव में हुआ। पुलिस और NDRF की टीम मौके पर पहुंची है। गाड़ी में कितने लोग सवार थे? फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। वहीं, पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण ट्रैफिक रोक दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पिकअप दमोह निवासी भागीरथ पटेल के नाम पर दर्ज है।