MP में चार साल में 59 हजार से ज्यादा बच्चे हुए गुमशुदा, विधानसभा में सरकार ने दी जानकारी

मध्य प्रदेश में वर्ष 2021 से 4 जुलाई 2025 तक 59,365 बच्चे गुमशुदा हुए हैं। इनमें 48,274 बालिकाएं और 11,091 बालक शामिल हैं।

Updated: Jul 30, 2025, 11:56 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में महिला और बाल अपराध से जुड़ा चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। राज्य में पिछले चार वर्षों में करीब 60 हजार बच्चे गुमशुदा हुए हैं। इनमें बच्चियों की संख्या काफी ज्यादा है। ये जानकारी राज्य सरकार ने ही विधानसभा में दी है।

पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद से कांग्रेस विधायक सचिन यादव द्वारा बच्चों की गुमशुदगी को लेकर पूछे गए प्रश्न पर सरकार ने चौंकाने वाला जवाब दिया है। राज्य सरकार ने बताया है कि वर्ष 2021 से 4 जुलाई 2025 तक मध्य प्रदेश में 59,365 बच्चे गुमशुदा हुए हैं।

गुमशुदा बच्चों के आंकड़ों में बालिकाओं की संख्या 48,274 और बालकों की संख्या 11,091 है। हैरानी की बात ये है कि इस दौरान राजधानी भोपाल से कुल 2,980 बच्चे गुमशुदा हुए। इनमें 1,804 बालिकाएं और 1,174 बालक शामिल हैं। इंदौर जिले की बात करें तो यहां कुल 4,574 बच्चे गुमशुदा हुए। इनमें 3,560 बालिकाएं और 1,014 बालक शामिल हैं।

बच्चों के लापता होने को लेकर पूर्व मंत्री सचिन यादव ने मोहन सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि 4 साल के दरमियान में प्रदेश में 60 हजार बच्चे गायब होते हैं। 60 हजार बच्चों में हमारी 48 हजार बेटियां शामिल हैं। राजधानी भोपाल तक में हमारे बेटे बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। यह गंभीर चिंता का विषय है और पूरे प्रशासनिक तंत्र पर सवालिया निशान खड़ा होता है।