MP: सीनियर IPS अधिकारी मनीष शंकर शर्मा का निधन, स्पेशल डीजी रेल के पद पर थे पदस्थ

मनीष शंकर शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश ने एक योग्य, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी खो दिया है।

Updated: Mar 17, 2025, 02:26 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के सीनियर IPS अधिकारी मनीष शंकर शर्मा का असमय निधन हो गया है। वे उपचार के लिए दिल्ली गए थे जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मनीष शंकर शर्मा की पार्थिव देह सोमवार सुबह भोपाल पहुंची है। ई-5 स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। थोड़ी देर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मनीष शंकर शर्मा भारतीय पुलिस सेवा में 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने मध्य प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वर्ष 1997-1998 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत बोस्निया और हर्जेगोविना में सेवाएं दीं। यहां उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। इसके अलावा, वे सुरक्षा निदेशक (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) और टी-बोर्ड ऑफ इंडिया के निदेशक भी रहे।

यह भी पढ़ें: MP: कैबिनेट मंत्री विजय शाह को मिली जान से मारने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा, आरोपी गिरफ्तार

उन्हें अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैन डिएगो शहर में विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। सैन डिएगो के महापौर केविन एल. फॉकनर ने 20 जुलाई को उन्हें सम्मानित करते हुए इस दिन को हर साल ‘मनीष शंकर शर्मा दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसके अलावा, उन्हें यूएस हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स का सर्टिफिकेट ऑफ स्पेशल कांग्रेशनल रिकग्निशन भी प्रदान किया गया था। 

उनके चाचा डॉ. सीताशरण शर्मा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं। उनके पिता कृपाशंकर शर्मा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव रहे हैं। मूल रूप से नर्मदापुरम के रहने वाले मनीष शंकर शर्मा ने मध्य प्रदेश के रायसेन, सतना, छिंदवाड़ा और खंडवा जिलों में एसपी के रूप में भी कार्य किया। उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शोक व्यक्त की है।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'वरिष्ठ IPS अधिकारी एवं विशेष पुलिस महानिदेशक (रेल) श्री मनीष शंकर शर्मा के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। शर्मा लंबे समय तक छिंदवाड़ा के SP पद पर भी रहे।उनके निधन से प्रदेश ने एक योग्य, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी खो दिया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे। ओम शांति।'