BCCI अवॉर्ड्स: गिल और मंधाना क्रिकेटर ऑफ द ईयर, द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
BCCI नामन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया। गिल को पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला। समारोह में मिथाली राज, रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान दिया गया।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार 15 मार्च को आयोजित BCCI नमन अवॉर्ड्स समारोह में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नामों को सम्मानित किया गया। स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार दिया गया। जबकि, दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज, रॉजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया।
समारोह के दौरान BCCI ने पिछले एक साल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया। इसके साथ ही घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की भी सराहना की गई।
2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभमन गिल को प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर अवार्ड दिया गया। इसी साल गिल को भारत की टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी भी सौंपी गई थी। बतौर टेस्ट कप्तान उनकी पहली बड़ी चुनौती इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज रही थी जो 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुई थी।
साल 2025 में गिल ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 25 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1565 रन बनाए थे। उस दौरान उन्होंने छह शतक भी जड़े थे। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 10 मैचों में 991 रन बनाए थे। जबकि, वनडे में आठ मैचों में 447 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में सात मुकाबलों में 127 रन बनाए थे।
महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया। 2025 उनके करियर का यादगार साल रहाजब भारत ने पहली बार घरेलू मैदान पर महिला विश्व कप का खिताब जीता था। टीम की उपकप्तान मंधाना ने इस अभियान में अहम भूमिका निभाई थी।
पूरे साल में उन्होंने 36 अंतरराष्ट्रीय मैचों में लगभग 1800 रन बनाए थे। इसमें वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में उनके कई अहम योगदान शामिल रहे थे। साथ ही इनमें कई शतकीय पारियां भी रही थी।
समारोह में बीसीसीआई ने उन पांच भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया जिन्होंने हाल के समय में आईसीसी टूर्नामेंट जीते थे। 2025 में निकी प्रसाद की कप्तानी में भारत ने अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप जीता था। इसके बाद हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया था।
इसी साल नवंबर में भारतीय महिला टीम ने अपना पहला ICC विमेंस वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। 2026 की शुरुआत भी भारत के लिए ऐतिहासिक रही। जब आयुष महात्रे की कप्तानी में अंडर-19 पुरुष टीम ने जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। इसके तुरंत बाद सीनियर पुरुष टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
बीसीसीआई ने समारोह में भारतीय क्रिकेट के तीन महान खिलाड़ियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया। रोजर बिन्नी 1983 में भारत की पहली विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे और बाद में प्रशासनिक भूमिका में भी सक्रिय रहे।
मिथाली राज को महिला क्रिकेट के इतिहास की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिना जाता है। वह महिला वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं और 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कमेंट्री में सक्रिय हैं।
वहीं, राहुल द्रविड़ ने खिलाड़ी के रूप में कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाए और बाद में कोच के रूप में भी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी कोचिंग में भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप जीता था। जबकि, 2018 में उनकी अगुवाई में अंडर-19 टीम ने भी विश्व कप खिताब हासिल किया था।




