भोपाल जेल में बंद छात्र की मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन, स्ट्रेचर पर शव लेकर CM हाउस घेरने निकले
भोपाल सेंट्रल जेल में बंद छात्र हर्षित राजपूत की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने शव स्ट्रेचर पर रखकर सीएम हाउस के पास चक्काजाम किया।
भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय हर्षित राजपूत की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। परिजन शव को स्ट्रेचर पर रखकर मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े और उससे करीब 400 मीटर पहले चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हर्षित की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को फांसी देने की मांग की। हालात को देखते हुए मौके पर सात थानों की पुलिस तैनात की गई है। कंट्रोल रूम से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
प्रदर्शन के चलते न्यू मार्केट से पॉलिटेक्निक की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 30 मिनट से यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन परिवार जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है। परिजनों ने सुबह से ही प्रदर्शन की चेतावनी दी थी लेकिन इसके बावजूद पुलिस उन्हें समझाकर प्रदर्शन रोकने में सफल नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें:MP: जहरीली शराब से मौतों के बाद जागा प्रशासन, अब शराब के सभी बैच की होगी लैब टेस्टिंग
हर्षित राजपूत ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने मारपीट के एक मामले में उसे गिरफ्तार कर भोपाल सेंट्रल जेल भेजा था। करीब दो महीने जेल में रहने के बाद गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि जेल में रहते हुए हर्षित की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी लेकिन बार बार आवेदन देने के बावजूद उसे समय पर बेहतर इलाज नहीं मिला। परिजनों के मुताबिक, वह निमोनिया से पीड़ित था। हालत गंभीर होने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था। जिसके बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था।
हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने आरोप लगाया था कि जेल में डॉक्टर इलाज के बदले पैसे मांगते थे। कुछ दिन पहले मुलाकात के दौरान हर्षित ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। उसने यह भी बताया था कि अस्पताल में डॉक्टर उसकी परेशानी को गंभीरता से लेने के बजाय उसे रोज ड्रामा करने की बात कहकर टाल देते थे। परिजनों ने यह आरोप भी लगाया कि अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर रहने के दौरान हर्षित के पैर में हथकड़ी बांधी गई थी। परिवार का कहना है कि उसकी बिगड़ती हालत के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को उसकी तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी।
यह भी पढ़ें:भोपाल जेल में दो महीनों से बंद छात्र की मौत, परिजनों ने समय पर इलाज न मिलने के लगाए आरोप
जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया था कि हर्षित को उल्टी और दस्त की शिकायत थी। जेल अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा था और इसकी जानकारी कोर्ट को भी दी गई थी। वहीं, पुलिस ने हर्षित की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। चूंकि उसकी मौत न्यायिक हिरासत के दौरान हुई है इसलिए इसे कस्टोडियल डेथ मानते हुए न्यायिक जांच कराई जाएगी। फिलहाल परिजन दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।




