MP: 4,000 हजार कोरोना वॉरियर्स की बहाली की मांग, नेता प्रतिपक्ष ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र
कोविड में दो साल सेवा देने वाले करीब 4000 स्वास्थ्यकर्मियों की बहाली के लिए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखा है।
मध्यप्रदेश में कोविड महामारी के दौरान करीब दो साल तक स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले लगभग 4000 कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति का मुद्दा फिर उठ गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर इन कर्मचारियों को रोजगार देने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में रिक्त पदों पर समायोजित करने की मांग की है। उन्होंने सवाल किया कि जब स्वास्थ्य विभाग में हजारों पद खाली हैं तो अनुभवी कर्मचारियों को नौकरी से बाहर क्यों रखा जा रहा है?
सिंघार ने पत्र में बताया कि कोरोना महामारी के दौरान डॉक्टर, आयुष चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब दो साल तक अपनी सेवाएं दी थी। संक्रमण के खतरे के बीच इन कर्मचारियों ने मरीजों का इलाज और देखभाल की लेकिन महामारी का संकट कम होने के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक, नौकरी से हटाए गए करीब 4000 कर्मचारी पिछले कई दिनों से भोपाल में प्रदर्शन कर रहे हैं। वे रोजगार की बहाली और अपने भविष्य को सुरक्षित करने की मांग उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:MP: नरसिंहपुर में गन्ना उत्पादक किसानों के खोला मोर्चा, SKM ने किया नगरबंद
सिंघार ने सरकार का ध्यान स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े पदों की ओर भी दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों, नर्सों, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन सहित कई संवर्गों के हजारों पद रिक्त हैं। ऐसे में कोविड के दौरान काम कर चुके प्रशिक्षित कर्मचारियों के अनुभव का लाभ उठाया जा सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पात्र कर्मचारियों की योग्यता और उनके पुराने कार्य अनुभव के आधार पर पुनर्नियोजन के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए और जल्द फैसला लिया जाए। सिंघार का कहना है कि महामारी जैसे मुश्किल समय में प्रदेश की जनता की सेवा करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के भविष्य की जिम्मेदारी भी सरकार की है। उनकी बहाली से कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों को भी राहत मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें:मणिपुर में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत, 600 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती




