MP: नरसिंहपुर में गन्ना उत्पादक किसानों के खोला मोर्चा, SKM ने किया नगरबंद
बकाया भुगतान और गन्ने का दाम 600 रुपए क्विंटल करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने शनिवार को नरसिंहपुर बंद कराया। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बाजार बंद रहा।
नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में गन्ने का उचित मूल्य और बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने शनिवार को नगर बंद कराया। संयुक्त किसान मोर्चा ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बाजार बंद रखने की अपील की। किसानों की मांग है कि गन्ने का लाभकारी मूल्य बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। बंद के दौरान व्यापारियों ने भी किसानों का समर्थन किया। वहीं, विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है।
गन्ना उत्पादक किसान करीब एक महीने से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसमें गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित करने के साथ शुगर मिलों पर लंबित भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा है। किसान संगठनों ने इस संबंध में कई बार ज्ञापन सौंपे और धरना प्रदर्शन भी किए। इसके बाद प्रशासन ने शुगर मिल मालिकों और संचालकों के साथ दो बार बैठक कीलेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।
यह भी पढ़ें:महिला आरक्षण मौजूदा सीटों पर ही लागू हो, कांग्रेस ने की परिसीमन टालने की मांग
संयुक्त किसान मोर्चा के देवेंद्र पाठक सहित अन्य किसानों का कहना है कि शुगर मिलों से गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण किसानों की आर्थिक हालत लगातार प्रभावित हो रही है। खेती की लागत बढ़ने के बावजूद आमदनी कम होने से उनकी खरीदने की क्षमता घट रही है।
किसानों का तर्क है कि उनकी आर्थिक स्थिति का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है बल्कि स्थानीय बाजारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। किसानों के पास पैसा होगा तो बाजार में खरीदारी बढ़ेगी और व्यापारियों को भी इसका फायदा मिलेगा। इसी मुद्दे को लेकर किसान संगठनों ने व्यापारियों से संपर्क कर बंद में सहयोग मांगा था। शनिवार को व्यापारियों के समर्थन से नगर बंद के जरिए किसानों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें:मणिपुर में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत, 600 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती




