मणिपुर में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत, 600 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 600 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

Updated: Nov 21, 2026, 11:21 AM IST

मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, 600 से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में शराब में जहरीला केमिकल मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दो से तीन दिनों के दौरान शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ी है। प्रभावित लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया है। हालांकि, शुरुआत में लोगों को यह स्पष्ट जानकारी नहीं थी कि शराब किस स्थान से खरीदी गई थी और इसकी सप्लाई किसने की थी।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि प्रभावित लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था उसे मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। आशंका है कि शराब में मेथनॉल मिलाया गया था। जिसके सेवन से लोगों की जान गई और सैकड़ों लोग बीमार पड़ गए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शराब में यह जहरीला पदार्थ किस स्तर पर मिलाया गया और इसकी सप्लाई में कौन कौन शामिल था।

जांच के दौरान चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब तैयार किए जाने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस को संदेह है कि बाहर से शराब लाकर जिले में बेची गई थी। मामले में अब तक लगभग 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। गौरतलब है कि इस साल शराब के सेवन से मध्य प्रदेश और गुजरात समेत देश के छह राज्यों में 120 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।