MP Election 2023: अटेर में कांग्रेस समर्थक के घर हमला, BJP नेता ने की अगवा करने की कोशिश

BJP युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा और उसके गुर्गों ने कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे का समर्थन कर रहे शिवकांत शर्मा के घर पर किया हमला। महिलाओं के साथ की अभद्रता।

Updated: Nov 16, 2023, 10:14 AM IST

अटेर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में अब 24 घंटे से भी कम समय शेष है। चुनाव पूर्व हिंसक घटनाओं में वृद्धि हुई है। अटेर में तो एक कांग्रेस समर्थक के घर पर भाजपा के लोगों ने हमला कर दिया। यहां भाजपा प्रत्याशी के गुर्गों ने कांग्रेस समर्थक को अगवा करने की कोशिश की। इतना ही नहीं बीच-बचाव में आई घर की महिलाओं के साथ भी अभद्रता करने से बाज नहीं आए।

मामला परियाया गांव का है। BJP युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा कुछ साथियों के साथ कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे का समर्थन कर रहे शिवकांत शर्मा के घर जा पहुंचे। यहां उन्होंने शर्मा को बंधक बनाकर अपने साथ ले जाना चाहा। मारपीट भी की। जब युवक की पत्नी बचाव के लिए आगे आई तो आरोपियों ने अभद्रता की और डराने के लिए कट्‌टे से हवाई फायर किया। फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंची।

हालांकि, पुलिस पर आरोपियों का साथ देने के आरोप लग रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे के भाई योगेश कटारे थाने पर पहुंचे। थाना प्रभारी अरविंद सिकरवार ने उन्हें जांच कर FIR दर्ज करने की बात कही। इस पर योगेश भड़क गए। उन्होंने थाना प्रभारी अरविंद सिकरवार पर BJP प्रत्याशी और मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है।

थाना प्रभारी ने आरोपों को गलत बताया तो योगेश ने उनसे कहा कि आपके मोबाइल पर लगातार मंत्री के फोन आ रहे हैं। कॉल हिस्ट्री चेक कराएं। कांग्रेस का आरोप है कि जब कॉल हिस्ट्री की बात आई तो थाना प्रभारी का चेहरा फीका पड़ गया।