सिंधिया को उन्हीं के गढ़ में मात देने की तैयारी, दिग्विजय सिंह कल ग्वालियर में कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में सेंधमारी के लिए कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा, रविवार को ग्वालियर में हुंकार भरेंगे दिग्विजय सिंह

Updated: Mar 25, 2023, 05:35 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में सेंधमारी के लिए कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है। गुना और बमोरी के बाद दिग्विजय सिंह कल ग्वालियर दौरे पर रहेंगे। यहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखाएंगे।

पीसीसी से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह
10 बजे प्रेस वार्ता के साथ सिंह ग्वालियर में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे कांग्रेस के मण्डल-सेक्टर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस बैठक में कांग्रेस के प्राथमिक सदस्यों को ही एंट्री मिलेगी। दोपहर करीब 1 बजे सिंह सिंह कांग्रेस के नगर निगम के निर्वाचित सदस्यों, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, आईटी सेल, एनएसयूआई सहित सभी प्रकोष्ठ के सदस्य एवं पदाधिकारियों सहित कांग्रेस के समस्त कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रबंधन का गुर सिखाएंगे।

यह भी पढ़ें: गांधीजी की डिग्री पर सवाल उठाकर फंसे J&K के उपराज्यपाल, MP के पत्रकार ने भेजा कानूनी नोटिस

दरअसल, सिंधिया के जाने के बाद ग्वालियर-चंबल संभाग में कांग्रेस संगठन कमजोर हुई है। ऐसे में इस संभाग में संगठन को पुनर्जीवित करने की जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने संभाली है। पिछले हफ्ते दिग्विजय सिंह गुना, बमोरी और शिवपुरी का भी दौरा कर चुके हैं। यह क्षेत्र भी पहले सिंधिया घराने का इलाका माना जाता था। इसलिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सीधे तौर पर यहां संगठन में हस्तक्षेप नहीं करते थे। हालांकि, ज्योतिरादित्य सिंधिया के पाला बदलकर भाजपा में जाने के बाद से अब हालात बदल गए हैं। सालों तक एक ही पार्टी में साथ रहे दोनों राजघराने इस बार के विधानसभा चुनाव में आमने-सामने हो गए हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में कांग्रेस की सियासी जमीन मजबूत करने के लिए दिग्विजय सिंह जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठके कर रहे हैं और उनकी बातों को सुन रहे हैं। कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले दिग्विजय सिंह की जमीनी पकड़ का फायदा उठाकर ग्वालियर चंबल में संगठन को इतना मजबूत करना चाहती कि सिंधिया के गढ़ में ही भाजपा का सफाया कर दिया जाए।

बीते हफ्ते गुना दौरे के दौरान दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर हमला भी बोला था। राज्यसभा सांसद सिंह ने कहा कि सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों ने दल-बदल के कितने करोड़ लिए हैं, इसका अंदाजा आप उनकी आर्थिक स्थिति को देखकर लगा सकते है। कांग्रेस छोड़ भाजपा में आते ही सिंधिया और उनके समर्थकों के बड़े-बड़े महल बन रहे हैं।