सत्ता का ऐसा वहशीपन देश के लिए बहुत घातक साबित होगा, चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर बोले अखिलेश यादव

भाजपा ने अपनी शक्ति का दुरूपयोग करते हुए अधिकारियों को दबाव में लेकर, चुनाव जीतने की धांधली की है, उसका संज्ञान तत्काल सिर्फ़ चुनाव आयोग ही न ले बल्कि संविधान के प्रहरी के रूप में माननीय सुप्रीम कोर्ट भी ले: अखिलेश यादव

Updated: Jan 30, 2024, 07:31 PM IST

चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में इंडिया को गठबंधन बहुमत होने के बावजूद भाजपा उम्मीदवार की जीत हुई। मेयर चुनाव में यहां भाजपा 16 वोट पाकर ही चुनाव जीत गई, जबकि 20 वोट प्राप्त करने वाली गठबंधन को हारा हुआ घोषित कर दिया गया। तर्क दिया गया कि कांग्रेस-आप गठबंधन के आठ वोट रिजेक्ट हो गए। मेयर चुनाव में हुई इस धांधली को लेकर तमाम विपक्षी नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा है।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक करार देते हुए ट्वीट किया, 'चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बहुमत न होते हुए भी जिस प्रकार भाजपा ने अपनी शक्ति का दुरूपयोग करते हुए अधिकारियों को दबाव में लेकर, चुनाव जीतने की धांधली की है, उसका संज्ञान तत्काल सिर्फ़ चुनाव आयोग ही न ले बल्कि संविधान के प्रहरी के रूप में माननीय सुप्रीम कोर्ट भी ले और तुंरत इन नतीजों को निरस्त कर अपनी देखरेख में चुनाव करवाकर न्यायसंगत नतीजे  घोषित करे और इस लोकतान्त्रिक-अपराध के लिए दोषी लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई करे।'

अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि भाजपा लोकतंत्र को निगल रही है। सत्ता का ऐसा वहशीपन देश और देश की जनता के लिए बहुत घातक साबित होगा। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि आज लोकतंत्र के लिए काला दिन है जिस तरह से बीजेपी गुंडागर्दी करके सारे आम बेईमानी करके चंडीगढ़ मेयर चुनाव में अपना मेयर बनाया है और उनकी यही बेईमानी वीडियो में कैप्चर हो गई। पूरा देश आज वो वीडियो सोशल मीडिया पर देख रहा है।