MP: बुरहानपुर में किसान ने की खुदकुशी, अफसरों ने काट दी थी खेत में लगी केले की फसल

मध्य प्रदेश में नहीं थम रहा किसान आत्महत्या का मामला, अफसरों द्वारा केले की फसल काटे जाने से परेशान किसान ने समाप्त की जीवनलीला

Updated: Jun 17, 2023, 07:42 PM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश में किसान आत्महत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक के बाद एक अन्नदाता अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं। भोपाल और हरदा के बाद अब बुरहानपुर से किसान आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां जल संसाधन विभाग के अफसरों और ठेकेदारों से परेशान किसान ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बखारी गांव का है। यहां शनिवार सुबह एक 22 वर्षीय किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान चेतन के पिता पांडुरंग लांडे ने आरोप लगाया कि कि जल संसाधन विभाग के अफसरों और ठेकेदार ने बिना किसी सूचना के बांध निर्माण के लिए उनके खेत में लगी केला फसल को काट दिया था।

मृतक किसान के पिता ने बताया कि विभाग द्वारा ना तो उन्हें भूमि अधिग्रहण की जानकारी दी गई और ना मिलने वाले मुआवजे की राशि बताई गई। अब तक उनके खाते में मुआवजे का पैसा भी नहीं आया है। बावजूद इसके बखारी स्थित सवा एकड़ के खेत पर उन्होंने काम शुरू कर दिया। इस बात से उनका बेटा चेतन काफी आहत था। शनिवार सुबह भी ठेकेदार के आदमी खेत पर पहुंचे और रोकने के बावजूद काम शुरू कर दिया। जिसके चलते चेतन ने खेत में ही फांसी लगाकर जान दे दी।

इस मामले में अब तक पुलिस और प्रशासन की ओर से पक्ष नहीं रखा गया है। उधर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अजय रघुवंशी सहित अन्य कांग्रेस नेता शाहपुर पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार किसानों की जान ले रही है। रघुवंशी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसान हितैषी होने के झूठे दावे करती है। लेकिन शिवराज सरकार का किसान विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है।