MP: धार में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, दो मासूमों की मौत और 11 घायल

धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से दो बच्चों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। सभी मजदूर गुजरात काम करने जा रहे थे।

Updated: May 17, 2026, 08:52 PM IST

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में शनिवार शाम मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन हादसे का शिकार हो गई। चिलवा गांव के पास अनियंत्रित होकर वाहन पलटने से दो बच्चों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, 11 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप में थुवाटी गांव के 20 से अधिक मजदूर सवार थे। सभी लोग मजदूरी के लिए गुजरात जा रहे थे। रास्ते में कुक्षी के चिलवा गांव के पास वाहन अचानक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई।

इस दुर्घटना में मोहनपुरा निवासी 7 वर्षीय मोनिका और थुवाटी 9 वर्षीय आनंद की जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

घायल मजदूरों को उपचार के लिए कुक्षी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। इनमें कलाबाई नाम की महिला और सरपंच पिता वेरसिंह नामक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी लोग थुवाटी गांव के निवासी थे और रोजगार की तलाश में गुजरात जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

गौरतलब है कि धार जिले में इस महीने मजदूरों से भरे पिकअप वाहनों के साथ यह तीसरा बड़ा हादसा है। लगातार दुर्घटनाएं होने के बावजूद परिवहन नियमों के पालन को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसों के बाद केवल औपचारिक चालानी कार्रवाई की जाती है। जबकि, कुक्षी क्षेत्र में ओवरलोड और असुरक्षित वाहनों का संचालन लगातार जारी है।