ऊर्जा विभाग से सबसे अधिक परेशान है जनता, सीएम हेल्प लाइन विभाग समीक्षा रिपोर्ट में खुलासा

ऊर्जा विभाग के खिलाफ प्रदेश भर से 41 हजार शिकायत दर्ज की गईं, जबकि गृह विभाग भी इस सूची में पांचवें स्थान पर है

Publish: Apr 01, 2023, 09:12 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की जनता सबसे अधिक ऊर्जा विभाग से परेशान है। राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी जनता का भरोसा उठा रहा है। यह खुलासा सीएम हेल्प लाइन विभाग समीक्षा रिपोर्ट में हुआ है। जिसमें बीते एक महीने में सर्वाधिक शिकायतें ऊर्जा विभाग से जुड़ी हुई की गई हैं। 

बीते एक महीने में ऊर्जा विभाग के खिलाफ 41 हजार से अधिक शिकायत दर्ज की गईं। कुल दर्ज हुई 41 हजार 89 शिकायतों में आधी शिकायतें यानी 50 फीसदी शिकायतों को संतुष्टि के आधार पर बंद नहीं कराया जा सका। संतुष्टि के लिहाज़ से ऊर्जा विभाग में शिकायतों का आंकड़ा 46.42 फीसदी है। मतलब 54 फीसदी शिकायतों को संतुष्टि के आधार पर बंद नहीं किया जा सका। 

यही हाल अन्य विभागों का भी है। ऊर्जा विभाग के बाद दूसरा नंबर राजस्व विभाग का है। राजस्व विभाग से संबंधित कुल 41 हजार 34 शिकायतें दर्ज कराई गई। जिसमें सिर्फ 40 फीसदी शिकायतों को संतुष्टि के आधार पर बंद किया का सका। इसके बाद नगरीय प्रशासन विभाग से संबंधित कुल 40 हजार 317 शिकायतें दर्ज कराई गई जिसमें 52 फीसदी शिकायतों को ही संतुष्टि के आधार पर बंद किया जा सका। 

इस सूची में चौथा स्थान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का है। इस विभाग में प्रदेश भर से कुल 40 हजार 317 शिकायतें दर्ज कराई गई। वहीं 52 फीसदी लोगों की शिकायतों का अब भी निवारण नहीं हो सका। गृह विभाग से भी प्रदेश की जनता खासी त्रस्त दिखी। इस विभाग में कुल 33 हजार 583 शिकायतें दर्ज की गई। लेकिन बिना सहमति के 41 फीसदी शिकायतों को बंद कर दिया गया। संतुष्टि के आधार पर 51 फीसदी शिकायतों का निवारण किया गया।