माइक्रोसॉफ्ट सर्वर डाउन से दुनियाभर के एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, 1400 फ्लाइट्स हुए कैंसिल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा एयरपोर्ट पर यात्रियों का मैन्युअल चेक इन, एयरपोर्ट पर लोग सर्विसेज नहीं मिलने से हो रहे परेशान
![](https://www.humsamvet.com/uploads/images/2024/07/image_600x460_669a659d7fffc.jpg)
भोपाल। माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में शुक्रवार को तकनीकी खराबी आ गई। इसकी वजह से दुनियाभर में एयरलाइंस, टीवी टेलीकास्ट, बैंकिंग और कई कॉर्पोरेट कंपनियों के कामकाज पर असर पड़ा है। शुक्रवार दोपहर से दुनियाभर में एयरपोर्ट्स पर अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला। एक अनुमान के मुताबिक दुनियाभर में करीब 1400 फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा। वहीं 3 हजार विमानों ने देरी से उड़ान भरी।
सर्वर डाउन होने से एयरपोर्ट पर विमानों को उड़ान भरन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।भारत में, 5 एयरलाइन- इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर, विस्तारा और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि उनकी बुकिंग, चेक-इन और फ्लाइट अपडेट सर्विस इस तकनीकी समस्या से प्रभावित हुई है।
एयरपोर्ट पर लोग सर्विसेज नहीं मिलने से परेशान दिखे। भोपाल एयरपोर्ट पर कई यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी है। भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया की सॉफ्टवेयर में दिक्कत के चलते वेब चेक इन और इंडिगो ऐप से टिकट बुकिंग में यात्रियों को दिक्कत आ रही है। यात्री सीधे एयरपोर्ट पर आकर यह काम मैन्युअल कर रहे हैं। यानी बोर्डिंग पास हाथ से लिखकर दिए जा रहे हैं।
अवस्थी के मुताबिक यात्री लगातार यहां पर मैन्युअल आकर चेक इन कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकारा की कुछ यात्रियों की यात्रा कैंसिल करने की सूचना भी मिली है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसके चलते भोपाल से संबंधित कोई भी फ्लाइट कैंसिल नहीं हुई है। मुंबई वाली फ्लाइट कैंसिल हुई है वह किसी अन्य तकनीकी कारणों के चलते हुई है।
माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विसेज में आई खराबी का असर इंदौर एयरपोर्ट से फ्लाइट संचालन पर देखने को मिला है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इंदौर से जाने वाली 6 और इंदौर आने वाली 6 फ्लाइट कैंसिल हुई है। यानी इंदौर एयरपोर्ट की कुल 12 उड़ानें रद्द हुई है।
उधर, लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की फ्लाइट करीब 2 घंटे तक रुकी रही। ऐसा माइक्रोसॉफ्ट सर्वर में तकनीकी दिक्कत आने से हुआ। लखनऊ से दिल्ली जाने के लिए शिवराज सिंह की इंडिगो फ्लाइट 6E 6008 को दोपहर 1.35 बजे टेकऑफ करना था। पहले इसे 40 मिनट डिले करके 2.15 पर रिशेड्यूल किया गया। इसके बाद दोबारा 3.20 पर रिशेड्यूल की गई। तब यह उड़ान भर पाई।
सिविल एविएशन मिनिस्टर राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि मैंने एयरपोर्ट के अधिकारियों और एयरलाइंस को एक्स्ट्रा सीटिंग, पानी और भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। हम आपकी चिंताओं को समझते हैं और ऑपरेशन मैनेज करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। कृपया एयरपोर्ट के कर्मचारियों के साथ सहयोग करें।