MP: मंदसौर में भाजपा नेता की शर्मनाक करतूत, बाथरूम में घुसकर महिला से की छेड़छाड़
मंदसौर में भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष भगवती लाल सुरावत के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ है। महिला ने उन पर बाथरूम में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से भाजपा के एक और नेता की शर्मनाक करतूत सामने आई है। यहां भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष भगवती लाल सुरावत के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ है। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने उन पर बाथरूम में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
महिला की शिकायत पर एसपी विनोद मीना के निर्देश के बाद सोमवार को सीतामऊ थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं आरोपी नेता ने इसे जमीन विवाद से जुड़ा षड्यंत्र बताया है। पीड़िता ने मंदसौर एसपी विनोद मीना से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी नेता भगवती लाल सुरावत ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा है, जिसे भटकाने के लिए महिला ने झूठे आरोप लगाए हैं। बता दें कि सुरावत, जनपद सदस्य प्रतिनिधि भी हैं।
इस मामले पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उनके अनुसार, महिला ने झूठा मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को इस मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। वहीं सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति का कहना है कि महिला की शिकायत पर भगवती लाल सुरावत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।