MP: ग्वालियर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 20 से अधिक घायल

ग्वालियर के बिजौली में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। भंडारे से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Updated: Jun 18, 2026, 01:37 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के जखारा बिलारा मार्ग पर बुधवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसा बिजौली थाना क्षेत्र के सुपावली रोड पर हुआ था। वहां भंडारे से लौट रहे 40 से अधिक लोगों को लेकर जा रही ट्रॉली तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में 20 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि, चार गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार सभी लोग बिजौली थाना क्षेत्र के टोरियन के पूरा गांव के निवासी हैं। वे भंडारे में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।

यह भी पढ़ें:राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में दर्दनाक हादसा, नए कुएं की मिट्टी धंसने से 2 महिलाओं की मौत

हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई। ट्रॉली के नीचे कई लोग दब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बिजौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान भी आधी रात अस्पताल पहुंची। उन्होंने भर्ती घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को सभी मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर ट्रॉली की तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 29 IAS अफसरों तबादला, कर्मवीर शर्मा बने भोपाल कमिश्नर