राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में दर्दनाक हादसा, नए कुएं की मिट्टी धंसने से 2 महिलाओं की मौत
राजगढ़ के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के बामनगांव में नए कुएं की मिट्टी धंसने से जनपद सदस्य मुकेश दांगी की मां रूपाबाई और पत्नी प्रियंका की मौत हो गई।
राजगढ़। gमध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के बामनगांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के जनपद सदस्य मुकेश दांगी की मां रूपाबाई दांगी (52) और उनकी पत्नी प्रियंका उर्फ पिंकी दांगी (30) की मौत हो गई। दोनों महिलाएं नए बनाए गए कुएं के पास काम कर रही थी। तभी अचानक कुएं का किनारा धंस गया और वे मलबे में दब गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे दोनों महिलाएं लगभग 45 फीट गहरे नए कुएं के आसपास सफाई और तराई का कार्य कर रही थी। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी धंस गई और दोनों उसके मलबे में समा गई। घटना के समय कुछ दूरी पर बैठे मुकेश दांगी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम अंकिता जैन, एसडीओपी धर्मवीर नागर, तहसीलदार अनिल शर्मा और थाना प्रभारी कमल सिंह सोलंकी ने एसडीआरएफ टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। चार जेसीबी और तीन पोकलेन मशीनों की मदद से करीब छह घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद शाम 4:30 बजे रूपाबाई दांगी का शव बाहर निकाला गया। जबकि, प्रियंका उर्फ पिंकी दांगी का शव शाम 6:45 बजे बरामद किया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रियंका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। एसडीएम अंकिता जैन ने बताया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। रेस्क्यू के दौरान कुएं के आसपास लगातार मिट्टी खिसक रही थी। जिससे एक और हादसे का खतरा बना हुआ था। इसके बावजूद कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने में जुटे रहे। जिसके कारण बचाव कार्य प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने और रेस्क्यू टीम को सुरक्षित तरीके से काम करने का मौका देने के लिए पुलिस को भीड़ हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।




