अशोकनगर में कांग्रेस का न्याय सत्याग्रह आज, कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक गिरफ्तारी देंगे पार्टी के दिग्गज

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ अशोकनगर जिले के मुंगावली थाने में दर्ज एफआईआर के विरोध में आज यह न्याय सत्याग्रह का आयोजन किया गया है।

Updated: Jul 08, 2025, 10:54 AM IST

अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में कांग्रेस आज न्याय सत्याग्रह आंदोलन कर रही है। इस सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी भी देंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ अशोकनगर जिले के मुंगावली थाने में दर्ज एफआईआर के विरोध में इस आंदोलन का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष जयवर्धन सिंह सहित पार्टी के तमाम नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। प्रशासन ने आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस दौरान वे सभी सामूहिक गिरफ्तारी देंगे।

न्याय सत्याग्रह के लिए पुरानी कृषि उपज मंडी में सभा स्थल बनाया गया है। मंडी के तीन गेटों में से दो को बंद कर दिया गया है। केवल एक गेट से ही आवाजाही की अनुमति दी गई‌ है। शहर के प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है। जिले में प्रवेश करने वाले लोगों की चेकिंग भी की जा रही है। इससे पहले कांग्रेस ने आरोप लगाए थे कि प्रशासन के दबाव में अशोकनगर के सारे निजी होटल बाहर के कार्यकर्ताओं को रुकने के लिए कमरे नहीं दे रहे। जिला प्रशासन ने सारे होटल और रूम बुक कर लिए हैं।

विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि अशोकनगर पुलिस-प्रशासन, सत्ता के दबाव में पापियों का साथ दे रहा है। कांग्रेस की रैली को रोकने के लिए होटल, लॉज और रेस्टोरेंट का अधिग्रहण किया गया है। यह आदेश कलेक्टर ने विशेष धारा के तहत जारी किया है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन सब से डरने वाला नहीं है। अशोकनगर में 500 कार्यकर्ताओं ने अपने घरों को रेस्ट हाउस बना दिया है। बाहर से आने वाले नेता और कार्यकर्ता वहीं रुकेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सत्ता नहीं, संविधान के लिए काम करने की नसीहत दी।