CG की बेटी श्रिया श्रुति मिश्रा ने IB डिप्लोमा में 45 अंक लाकर रचा इतिहास, दुनिया के चुनिंदा टॉपर्स में हुई शामिल

रायपुर की श्रिया श्रुति मिसरा ने इंटरनेशनल बैकालॉरिएट (IB) डिप्लोमा में 45 में से पूरे 45 अंक हासिल कर दुनिया भर में टॉप किया है। IPS और पूर्व IAS की बेटी श्रिया को छात्रवृत्ति के साथ अमेरिका की प्रसिद्ध UCLA यूनिवर्सिटी में प्रवेश का प्रस्ताव मिला है।

Updated: Jul 07, 2026, 05:40 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जन्मी श्रिया श्रुति मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इंटरनेशनल बैकालॉरिएट (IB) डिप्लोमा प्रोग्राम में 45 में से पूरे 45 अंक प्राप्त किए हैं। यह स्कोर दुनिया भर के बेहद कम छात्रों को ही हासिल हो पाता है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ श्रिया वैश्विक स्तर पर IB के चुनिंदा वर्ल्ड टॉपर्स में शामिल हो गई हैं। उन्हें दुनिया के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से छात्रवृत्ति के साथ प्रवेश के प्रस्ताव मिले हैं और अब वह अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, लॉस एंजिलिस (UCLA) से स्नातक की पढ़ाई करेंगी।

श्रिया वर्तमान में कोयंबटूर स्थित चिन्मय इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल (CIRS) की छात्रा हैं। उनकी उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने IB डिप्लोमा में बेहद चुनौतीपूर्ण विषयों का चयन किया था। उन्होंने हायर लेवल में गणित, भौतिकी और अर्थशास्त्र, जबकि स्टैंडर्ड लेवल में रसायन विज्ञान, अंग्रेजी और हिंदी की पढ़ाई की। इन विषयों में पूर्ण अंक हासिल करना उनकी असाधारण शैक्षणिक क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और कठिन परिश्रम का प्रमाण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें:दिल्ली HC के आदेश से बहाल हुआ CJP का ट्वीटर अकाउंट, केंद्र ने नहीं जताया विरोध

श्रिया की शुरुआती शिक्षा रायपुर के ज्ञान गंगा एजुकेशनल एकेडमी में तीसरी कक्षा तक हुई। इसके बाद उन्होंने छठी कक्षा में कोयंबटूर के चिन्मय इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल में प्रवेश लिया। दसवीं तक उन्होंने सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई की और फिर 11वीं व 12वीं के लिए दुनिया के सबसे कठिन प्री यूनिवर्सिटी पाठ्यक्रमों में गिने जाने वाले इंटरनेशनल बैकालॉरिएट (IB) डिप्लोमा प्रोग्राम को चुना। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूर्ण अंक हासिल किए।

पढ़ाई के अलावा श्रिया बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। उन्होंने थिएटर, खेलकूद और छात्र नेतृत्व जैसी सह पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई है। शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ इन क्षेत्रों में उनकी सक्रियता आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और टीमवर्क जैसी खूबियों को भी दर्शाती है।

यह भी पढ़ें:UP में घड़े से पानी पीने पर दलित मजदूर की बेरहमी से पिटाई, आरोपियों ने बर्तन अपवित्र करने का लगाया इल्ज़ाम

श्रिया ऐसे परिवार से आती हैं जिसकी सार्वजनिक सेवा में विशेष पहचान रही है। उनकी मां सोनल वर्मा मिश्रा तमिलनाडु कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में नई दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में महानिरीक्षक (IG) के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता संतोष मिश्रा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी रहे हैं और उन्होंने विभिन्न वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दी हैं। दोनों अधिकारी अलग-अलग समय में छत्तीसगढ़ में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

इंटरनेशनल बैकालॉरिएट डिप्लोमा प्रोग्राम को दुनिया के सबसे कठिन स्कूली पाठ्यक्रमों में गिना जाता है। इसमें 45 में से 45 अंक प्राप्त करना अत्यंत दुर्लभ उपलब्धि है। इसे हर साल दुनिया भर के बहुत कम छात्र ही हासिल कर पाते हैं। श्रिया श्रुति मिश्रा की यह सफलता न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें:सेंधवा के CM राइज स्कूल का छज्जा गिरा, कक्षा में पढ़ रहीं दो छात्राएं घायल