भारत-पाकिस्तान के बीच सामान्य हों हालात, 100 से ज्यादा हस्तियों ने पीएम मोदी और शहबाज को लिखा पत्र
भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के 100 से ज्यादा जाने-माने नागरिकों ने पीएम मोदी और शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर आपसी रिश्ते ठीक करने की वकालत की है।
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से दोनों देशों के बीच तल्खी अपने चरम पर पहुंच गई है। इस बीच दोनों देशों के 100 से ज्यादा प्रभावशाली लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी और शहबाज शरीफ (दोनों देशों के प्रधानमंत्री) को ओपन लेटर (खुला पत्र) भेजा है, जिसमें दोनों देशों के आपसी संबंधों को सुधारने की मांग की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें दोनों प्रधानमंत्रियों से कहा गया है कि टकराव नहीं, बातचीत का रास्ता चुनिए, ताकि दक्षिण एशिया में शांति और विकास का माहौल बन सके। चिट्ठी में लिखा गया है कि लगातार तनाव से दोनों देशों के आम लोगों और खासकर युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इन 117 हस्तियों में पूर्व अधिकारी, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं।
भारत की ओर से जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, मीरवाइज उमर फारूक और आरजेडी सांसद मनोज झा समेत 61 लोगों ने चिट्ठी पर साइन किए हैं। पाकिस्तान की ओर से पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी समेत 56 लोगों ने इसका समर्थन किया है।
पत्र में नई दिल्ली और इस्लामाबाद में हाई कमिश्नरों की बहाली, सामान्य वीजा सेवाओं को फिर से शुरू करने और एयरस्पेस को दोबारा खोलने की मांग की गई है। यह पहल ऐसे समय में की गई है जब हाल के महीनों में भारत और पाकिस्तान के संबंधों में तनाव बना हुआ है। इनका कहना है कि लगातार बढ़ती शत्रुता से दोनों देशों के विकास, क्षेत्रीय स्थिरता और आम नागरिकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।




