जबलपुर बैंक डकैती कांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लूट के सामान के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर में बीते 11 अगस्त को हुए बैंक डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंग का मुख्य सरगना राजेश दास उर्फ आकाश दास पुलिस के हथ्ते चढ़ गया है। जबलपुर पुलिस ने बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स के साथ मिलकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

Updated: Sep 02, 2025, 12:47 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बीते 11 अगस्त को हुए बैंक डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जबलपुर पुलिस ने बिहार पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स के साथ एक जॉइंट ऑपरेशन चलाकर डकैती में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लगभग 3 किलो सोने के आभूषण और 50 हजार रुपए बरामद किए हैं।


जबलपुर पुलिस की इस जॉइंट ऑपरेशन में गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान राजेश दास उर्फ आकाश दास और इंद्रजीत दास उर्फ सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के गया जिला के रहवासी हैं। जानकारी के मुताबिक, राजेश दास उर्फ आकाश दास इस डकैती का मुख्य सरगना था। 


मामले की जानकारी देते हुए बिहार पुलिस के एडीजी ने बताया कि बैंक लूट मामले की जांच के लिए डीएसपी आनंद कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित की गई थी। टीम ने जबलपुर पुलिस के साथ मिलकर खुफिया जानकारी जुटाई और मामले में शामिल आरोपियों की पहचान की जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।  
बीते 11 अगस्त को 5 हथियारबंद बदमाशों ने जबलपुर के खितौला क्षेत्र स्थित ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक में दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया था। उन अज्ञात डकैतो ने बैंक से 15 किलो 800 ग्राम सोने के आभूषण और तकरीबन 5 लाख नकदी लूट ली थी।