राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे, यह यात्रा पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी: कमलनाथ

BJP और RSS का कोई भी नेता राहुल गांधी से धर्म और अध्यात्म पर बहस कर ले, पता चल जाएगा कि किसे कितना ज्ञान है, कमलनाथ ने दी खुली चुनौती

Updated: Dec 04, 2022, 11:16 AM IST

आगर। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के आखिरी दिन पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मीडिया को संबोधित करते हुए बीजेपी और आरएसएस को निशाने पर लिया। पूर्व सीएम ने भाजपा और आरएसएस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी से धर्म और अध्यात्म पर बहस कर लें, पता चल जाएगा कि किसे कितना ज्ञान है। कमलनाथ ने यह भी कहा कि "भारत जोड़ो यात्रा" के बाद राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे जो पूर्व से पश्चिम तक जाएगी।

दोपहर पड़ाव के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, 'बीजेपी, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद का कोई भी नेता आ जाए और राहुल गांधी से धर्म और अध्यात्म पर बहस कर ले। मैं उन्हें चुनौती देता हूं। पता चल जाएगा किसको इस विषय पर कितना ज्ञान है।' कमलनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार ने भारत जोड़ो यात्रा को डिस्टर्ब करने के लिए हर हथकंडे अपनाए, पर आप सबने देखा कि यात्रा कैसी रही है। 

यह भी पढ़ें: फरवरी के आखिरी हफ्ते में होगा कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन, रायपुर में जुटेंगे देशभर के दिग्गज

कमलनाथ ने इस दौरान दावा किया कि राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे, जो पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि, 'मध्य प्रदेश ने असली राहुल गांधी को देख लिया है और अब सच को जान भी गए हैं। पिछले 12 साल में बीजेपी ने उनकी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपए मीडिया और सोशल मीडिया पर खर्च किए। लेकिन अब दूध का दूध पानी का पानी हो गया। सच सामने है।'

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि, 'बीजेपी वाले यात्रा आने से पहले हमारी खिल्ली उड़ाते थे, आज उनकी नींद उड़ी हुई है। हमारी यात्रा रोकने के लिए भाजपा सरकार ने इंदौर में पोस्टर हटवाए, महू में 2 बार बिजली काटी गई। लेकिन सड़कों पर जनसैलाब दिखा। इस यात्रा से भारत का भविष्य तय होगा।