सिंधिया से दोस्ती के सवाल पर सचिन पायलट का दिलचस्प जवाब, कहा- हम सिद्धांतों की राजनीति करते हैं

गुना में पत्रकारों से बात कर रहे थे दिग्विजय सिंह और सचिन पायलट, सिंधिया से दोस्ती से जुड़े सवाल के जवाब में कहा- आज सिद्धांत, मुद्दों और विचारधारा की राजनीति हो रही है।

Updated: Nov 16, 2023, 09:42 AM IST

गुना। मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के साथ राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी मौजूद रहे। सिंह और पायलट ने शिवपुरी और भिंड जिले में संयुक्त जनसभाएं की। बुधवार सुबह दौरा शुरू करने से पहले दोनों नेताओं ने गुना में पत्रकारों से भी बातचीत की।

पत्रकारों ने जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दोस्ती को लेकर सवाल पूछा तो सचिन पायलट ने पहले गेंद दिग्विजय सिंह के पाले में डालते हुए जवाब दिया कि सिंधिया के सबसे बड़े मित्र तो दिग्विजय सिंह थे। इस दौरान वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। हालांकि, साथ में बैठे दिग्विजय सिंह ने उन्हें फौरन टोकते हुए कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया तो उनके पुत्र के समान हैं। सचिन पायलट ने इस दौरान कहा कि मित्रता की बात छोड़िए। आज सिद्धांत, मुद्दों और विचारधारा की राजनीति हो रही है।

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: सिंधिया ने ग्वालियर-चंबल के लोगों से विश्वासघात किया, दतिया में गरजीं प्रियंका गांधी

सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र में एक दशक और मध्यप्रदेश में दो दशक की राजनीति से जनता ऊब चुकी है। हमेशा की तरह वही घिसे-पिटे वादे और नारे दिए जा रहे हैं। डबल इंजन पूरी तरह से फेल हो चुका है। उन्होंने विधानसभा चुनावों को लेकर दावा किया कि इस बार चार जगह कांग्रेस की सरकार बनेगी। पायलट ने कहा कि इस बार पब्लिक हमारे साथ है। पहले से ज्यादा बहुमत लेकर हम सरकार बनाएंगे। पब्लिक का मन कांग्रेस के पक्ष में है पूरे देश में लोग कांग्रेस के साथ हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ही परिणाम है।

राजस्थान के राजनीतिक हालातों पर चर्चा करते हुए पायलट ने कहा कि इस बार राजस्थान की परिपाठी खत्म होगी। इस बार राजस्थान में सरकार रिपीट होगी, बहुमत के साथ कांग्रेस सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में चुनाव पर प्रचार के बाद अब बीजेपी नेता राजस्थान में डेरा डालेंगे। प्रधानमंत्री आएं या कोई भी नेता जनता कांग्रेस के साथ है। वसुंधरा राजे से भी कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

इस दौरान दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में तीन भाजपा हो गई है। एक मोदी-शाह भाजपा, दूसरी नितिन गडकरी भाजपा और तीसरी संघ भाजपा। प्रदेश में भी तीन भाजपा हैं। एक शिवराज भाजपा, एक नाराज भाजपा और एक महाराज भाजपा। ये डबल इंजन सरकार की बात करते हैं, लेकिन दोनों इंजन विपरीत दिशा में जा रहे हैं। सिंह ने सिंधिया को लेकर एक सवाल के जवाब में कहा कि उन्होंने कमलनाथ और सिंधिया के बीच में समन्वय कराने का पूरा प्रयास किया गया था। ऐसा नहीं था कि कोशिश न की हो, परंतु वह असफल रहे। सिंधिया लोकसभा चुनाव के नतीजे से बहुत ज्यादा आहत थे। उन्होंने फिर दोहराया कि सिंधिया उनके पुत्र समान हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि 2020 में कांग्रेस सरकार गिरने का मूल कारण व्यापम की जांच का पूरा होना है। उसमें वह सब दोषी पाए जा रहे थे, जिन्होने फर्जी भर्ती की थी। कांग्रेस की जांच से डर कर ही भाजपा ने विधायकों को 25-50 करोड़ देकर खरीदा और सरकार गिरा दी। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर कर बेटे के वीडियो वायरल होने पर सिंह ने कहा कि सबसे पहले तो यह जांच होनी चाहिए कि वीडियो कौन वायरल कर रहा है। प्रदेश में तीन भाजपा हैं, उनमें से किस भाजपा ने ये वीडियो वायरल कराई है। सिंह ने कहा कि भाजपा में भाजपा का विपक्ष ही इसे वायरल कर रहा है।