भुखमरी की कगार पर पहुंचे 22 लाख फिलिस्तीनी, अमेरिका ने पैराशूट से गिराए खाने के पैकेट

गाजा में राहत सामग्री पहुंचाने के पॉइंट बनाए गए हैं। एक जगह समुद्र के पास है। यहां अमेरिका ने मदद पहुंचाई। अमेरिका ने 66 बक्सों में 38 हजार रेडी-टू-इट मील्स गिराईं।

Updated: Mar 03, 2024, 02:48 PM IST

गाजा। गाजा में इजरायल और हमास के बीच चल रही भीषण जंग के बीच हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। सबसे ज्यादा तबाही वहां के आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लाखों फिलिस्तीनी भूखमरी के कागार पर पहुंच गए हैं। लोग दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं। 

अमेरिका और जॉर्डन से हवाई मदद जरूर पहुंचाई गई है। लेकिन ये मदद भी नाकाफी है। क्योंकि भूखे लोगों की संख्या लाखों में हैं, जबकि मदद के चंद पैकेट ही आसमान से नीचे बरसाए जा रहे हैं। अमेरिकी सेना के एयरक्राफ्ट ने पैराशूट से फिलिस्तीनियों के लिए खाने के बक्से गिराए। इन्हें लेने के लिए लोगों को समुद्र में दौड़ लगाते देखा गया। लोग खाना लेने के लिए पानी में दौड़ गए। कुछ लोग बोट में खाना ले जाते दिखे।

गाजा में राहत सामग्री पहुंचाने के पॉइंट बनाए गए हैं। एक जगह समुद्र के पास है। यहां अमेरिका ने मदद पहुंचाई। UN के मुताबिक, गाजा की 22 लाख से ज्यादा आबादी भुखमरी का कगार पर है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिका ने 66 बक्सों में 38 हजार रेडी-टू-इट मील्स गिराईं। अमेरिका का कहना है कि ये बस शुरुआत है, वो आगे भी गाजा में रह रहे फिलिस्तीनियों की मदद करता रहेगा। ये एक जॉइंट ऑपरेशन था। जॉर्डन की सेना भी इसमें शामिल थी।

अमेरिका ने मदद पहुंचाने का फैसला ऐसे समय लिया, जब 1 मार्च को खाना लेने पहुंचे लोगों पर इजराइली सैनिकों ने फायरिंग कर दी थी। इस घटना के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनसे पता चल रहा था कि जहां फायरिंग हुई वो एड पॉइन्ट समुद्र के पास ही था। इस दौरान 112 लोगों की मौत हुई थी।