भोपाल में वैलेंटाइन डे पर हिंदू संगठनों का आतंक, लट्ठ लेकर पार्कों के बाहर कर रहे गुंडागर्दी

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता शुक्रवार को चिनार पार्क पहुंच गए। कार्यकर्ता हाथों में लट्ठ लेकर पार्क के बाहर जमा हुए और नारेबाजी की।

Updated: Feb 14, 2026, 04:32 PM IST

भोपाल। 14 फरवरी को वैलेंटाइन-डे के अवसर पर भोपाल में धर्म के कथित ठेकेदारों ने एक बार फिर हंगामा किया। शहर के पार्कों के बाहर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता लट्ठ लेकर एकत्रित हुए और पश्चिमी संस्कृति के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कपल्स को सिर मुंडवाने की धमकी भी दी।

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता शुक्रवार को चिनार पार्क पहुंच गए। कार्यकर्ता हाथों में लट्ठ लेकर पार्क के बाहर जमा हुए और नारेबाजी की। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई जोड़ा आपत्तिजनक स्थिति में मिला तो उसका मुंडन कर विरोध जताया जाएगा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे भारतीय संस्कृति और मर्यादा के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

स्थिति को देखते हुए पार्क के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था की गई है और किसी भी तरह की अवैध या हिंसक कार्रवाई की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, लट्ठ लेकर सरेआम गुंडागर्दी कर रहे इन उपद्रवियों के विरुद्ध पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

उधर, राष्ट्रीय बजरंग दल ने सार्वजनिक रूप से सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वैलेंटाइन डे के नाम पर किसी भी तरह की अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने सीधा धमकी देते हुए कहा कि यदि कोई युवक-युवती सार्वजनिक स्थानों पर “बाबू-सोना” करते दिखाई दें, तो उनका सिर मुंडवाकर मुंह काला किया जाएगा और सड़कों पर जुलूस निकाला जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां कहीं भी अश्लीलता करते पाए गए, वहां “शरीर का कोना-कोना तोड़ देंगे।” उधर, संस्कृति बचाओ मंच ने शहरभर में 15 निगरानी दस्ते गठित कर होटल, मॉल और पार्कों पर नजर रखने की घोषणा की है। संस्कृति बचाओ मंच ने होटल संचालकों को चेतावनी दी है कि वैलेंटाइन डे पर विशेष आयोजन न करें।

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को हिंदू परिषद और बजरंग दल ने ‘दंड पूजन’ कर विरोध दर्ज कराया। संगठन के प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रेम मर्यादा और सम्मान से जुड़ा है, लेकिन पश्चिमी प्रभाव में सार्वजनिक अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसे भोपाल में किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।