छतरपुर में पागल कुत्तों का आतंक, भाजपा नेता समेत 35 लोगों को काटा, जिला अस्पताल में नहीं मिली वैक्सीन

रविवार को शहर के एक पागल कुत्ते ने एक ही दिन में कुल 35 लोगों को काट लिया। इनमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हैं।

Updated: Jan 20, 2025, 02:44 PM IST

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में इन दिनों पागल कुत्तों के कारण लोग दहशत में हैं। रविवार को एक कुत्ते ने एक ही दिन में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष समेत करीब 35 लोगों को काट लिया। इनमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं। हैरानी की बात ये है कि इसके बाद लोग जब जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां वैक्सीन तक नहीं मिली।

बताया जा रहा है कि कुत्ते ने रविवार दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे के बीच इन सभी को काट कर जख्मी कर दिया। जिसके बाद सभी जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे। जिला अस्पताल में वैक्सीन नहीं मिलने पर लोगों ने नाराजगी जताई। इधर, नगर निगम की टीम कुत्ते को पड़ने निकली है। अभी तक कुत्ता पकड़ा नहीं जा सका है।

यह भी पढे़ं: इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के साथ दुष्कर्म, पीड़िता ने CM हाउस के बाहर धरने की दी चेतावनी

जानकारी के अनुसार भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम रविवार शाम को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक का बाद जब रात करीब 8 बजे भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक दुबे कार्यालय से बाहर निकले, तभी सफेद रंग के एक कुत्ते ने उन्हें काट लिया। भाजपा जिला अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया।

जिला अस्पताल में रैबीज की वैक्सीन नहीं थी। जिसके बाद सभी पीड़ितों को मजबूरी में बाहर से वैक्सीन खरीदकर लगवानी पड़ी। अस्पताल में वैक्सीन नहीं मिलने पर भाजपा के जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम ने नाराजगी जताई। पठापुर रोड के निवासी राघवेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि उन्हें तलैया के पास कुत्ते ने जांघ में काटा था, डॉक्टरों ने उन्हें भी बाहर से वैक्सीन खरीदने की सलाह दी।

मामले पर भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यालय के बाहर हमारे उपाध्यक्ष को एक पागल कुत्ते ने काट लिया। हम लोग उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए तो देखा कि बहुत सारे लोगों को कुत्ते ने काटा है। हमने डॉक्टर से बात की है और सभी को इलाज सुनिश्चित करने को कहा है।