15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ बने यंगेस्ट इंडियन इंटरनेशनल क्रिकेटर

4 जुलाई 2026 को महज 15 साल 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 में इंटरनेशनल डेब्यू किया। मैनचेस्टर में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना सबसे कम उम्र का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Updated: Jul 04, 2026, 07:30 PM IST

भारतीय क्रिकेट को नया सितारा मिल गया है। महज 15 साल और 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू कर इतिहास रच दिया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा इस मुकाबले में उन्हें उपकप्तान तिलक वर्मा ने डेब्यू कैप सौंपी। इसके साथ ही वैभव भारत की ओर से सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 37 साल से कायम क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बता दें कि सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। वैभव ने इस मामले में शेफाली वर्मा (15 साल 239 दिन) का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है।

4 जुलाई 2026 की तारीख भारतीय क्रिकेट इतिहास में खास बन गई है। पिछले कुछ समय से वैभव सूर्यवंशी के टीम इंडिया में डेब्यू को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। भारत का यूके दौरा 26 जून से शुरू हो चुका था लेकिन आयरलैंड के खिलाफ दो मैच और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। आखिरकार दूसरे टी-20 में उन्हें मौका मिला और उन्होंने मैदान पर उतरते ही सबसे कम उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ें:इंदौर में कागजों पर चल रहा अस्पताल, न जमीन, न भवन, फिर भी 87 पदों पर हुईं नियुक्तियां

वैभव को यह मौका उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर मिला है। उन्होंने पहले अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में 183 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर सुर्खियां बटोरीं थी। इसके बाद आईपीएल 2026 में उनके बल्ले ने ऐसा धमाल मचाया कि चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया। पूरे सीजन की 16 पारियों में उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए थे। इतना ही नहीं उन्होंने 72 छक्के जड़कर एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड भी बनाया था और क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था। आईपीएल के दौरान उन्होंने जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस जैसे दिग्गज गेंदबाजों की पहली गेंद पर छक्का लगाकर भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का परिचय दिया था।

वैभव की क्रिकेट यात्रा बेहद कम उम्र में शुरू हो गई थी। उन्होंने सिर्फ 12 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद इंडिया-ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया और जूनियर स्तर पर लगातार बेहतरीन पारियां खेलते हुए राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया। उनकी प्रतिभा और लगातार प्रदर्शन का ही नतीजा रहा कि उन्हें इतनी कम उम्र में भारतीय टीम की जर्सी पहनने का मौका मिला।

यह भी पढ़ें:पायरेसी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने Telegram को भेजा नोटिस, 15 दिन में मांगी एक्शन रिपोर्ट

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में वैभव को मौका देने के लिए संजू सैमसन को प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया है। सैमसन हाल की तीन टी-20 पारियों में सिर्फ 6 रन ही बना सके थे। जिसके बाद टीम प्रबंधन ने बदलाव का फैसला किया। टॉस के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर भी संजू सैमसन से बातचीत करते नजर आए।

वैभव के डेब्यू से जुड़ा एक दिलचस्प संयोग भी सामने आया है। जिस ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की उसी मैदान पर 14 अगस्त 1990 को सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया था। तब 17 साल और 112 दिन की उम्र में सचिन ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 119 रन बनाकर भारत को हार से बचाया था। अब उसी मैदान पर वैभव ने सचिन का सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत की प्लेइंग-11 में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं। वहीं, इंग्लैंड की टीम में फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग को जगह मिली है।

यह भी पढ़ें:भोपाल के RGPV में एग्जाम से पहले प्रश्नपत्र गायब, परीक्षा टली, पुलिस ने दर्ज की FIR