भोपाल की सबसे बड़ी कचरा खंती आदमपुर में 24 घंटे से सुलग रही आग, आसपास के गांव में सांस लेने में हो रही समस्या
भोपाल की आदमपुर कचरा खंती में बीते 24 घंटे से आग सुलग रही है। करीब 3 लाख टन कचरे में लगी आग का धुआं कई किलोमीटर दूर तक फैल गया है। आसपास के गांवों में लोग आंखों में जलन और सांस लेने की परेशानी झेल रहे हैं।

भोपाल| शहर की सबसे बड़ी आदमपुर कचरा खंती में बीते 24 घंटे से आग सुलग रही है, जिससे आसपास के गांवों में घना धुआं फैल गया है। यह धुआं इतनी मात्रा में है कि भोपाल से लगभग 10 किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता है। धुएं के कारण ग्रामीणों की आंखों में जलन हो रही है और सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक अब तक करीब तीन लाख टन कचरा आग की चपेट में आ चुका है। पड़रिया, बिलखिरिया, शांति नगर, समरधा, अर्जुन नगर, हरिपुरा और छावनी क्षेत्र के लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं। जनपद सदस्य संतोष प्रजापति ने बताया कि धुएं के कारण लोग रातभर सो नहीं सके और बुधवार दोपहर तक भी धुआं निकलता रहा। खंती के आसपास करीब 12 हजार की आबादी इस संकट से जूझ रही है।
यह भी पढे़ं: भोपाल में पराली जलाने पर प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई, चार किसानों पर लगा 37 हजार का जुर्माना
दरअसल यह आग मंगलवार दोपहर 1 बजे लगी थी और रात तक उस पर काबू पाया गया था, लेकिन कचरे की भारी मात्रा के कारण यह दोबारा सुलग उठी। बताया जा रहा है कि शहर से हर दिन 800 मीट्रिक टन कचरा निकलता है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार इसकी पूरी प्रोसेसिंग नहीं हो पा रही। सूखा कचरा सीमेंट प्लांट को नहीं भेजा जा रहा, जिससे खंती में कचरा लगातार जमा होता गया। तापमान बढ़ने से इसमें मीथेन गैस बनी और आग भड़क उठी, जो अब तक पूरी तरह से बुझ नहीं सकी है।