600वें टेस्ट में भारत की धमाकेदार जीत, श्रीलंका को 165 रनों के बड़ें अंतर से दी मात

भारत ने अपने 600वें टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। 372 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 206 रन पर ढेर हो गई थी।

Updated: Aug 19, 2026, 02:47 PM IST

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट के पांचवें दिन 165 रन से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम इंडिया ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। 372 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंकाई टीम पांचवें दिन लंच के बाद 77.4 ओवर में 206 रन पर सिमट गई थी। भारत की जीत के सबसे बड़े नायक 24 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार रहे। उन्होंने अपने दूसरे ही टेस्ट में कुल 10 विकेट लेकर मुकाबले का रुख भारत के पक्ष में कर दिया। टीम इंडिया का के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि यह भारत का 600वां टेस्ट मैच था।

श्रीलंका की दूसरी पारी में सुथार ने 55 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे। यह उनके टेस्ट करियर का पहला पांच विकेट हॉल रहा। उनकी घातक गेंदबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट चटकाकर श्रीलंका की बची हुई उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया था। इसके बाद अगले ओवर में केशरा नुवांथा को आउट करते ही मेजबान टीम की पारी समाप्त हो गई थी। अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी उनका साथ देते हुए दूसरी पारी में दो विकेट हासिल किए थे।

यह भी पढ़ें:खंडवा: कुत्तों की नसबंदी में भ्रष्टाचार का आरोप, डॉगी मास्क पहनकर जनसुनवाई में पहुंचा फरियादी

सुथार का प्रदर्शन केवल दूसरी पारी तक सीमित नहीं रहा। श्रीलंका की पहली पारी में भी उन्होंने 76 रन देकर चार विकेट झटके थे। इस तरह पूरे मैच में उनके नाम 10 विकेट रहे। जून में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले सुथार ने अपने दूसरे टेस्ट में ही प्रभावशाली प्रदर्शन कर टीम में अपनी जगह मजबूत करने का संकेत दे दिया है।

पांचवें दिन श्रीलंका की पारी एक समय संभली हुई नजर आ रही थी। 372 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने छह विकेट पर 199 रन बना लिए थे और जीत की उम्मीद बनाए हुए थी। इसी दौरान रवींद्र जडेजा ने कप्तान धनंजय डी सिल्वा को 59 रन के निजी स्कोर पर आउट कर अहम साझेदारी तोड़ दी थी। इसके बाद सुथार ने मोर्चा संभाला और एक ही ओवर में सोनल दिनूषा, प्रभात जयसूर्या और लाहिरु कुमारा को पवेलियन भेज दिया था। जिसके बाद श्रीलंका का स्कोर 199 रन पर नौ विकेट हो गया था। अगले ओवर में सुथार ने केशरा नुवांथा को आउट कर पारी पर विराम लगा दिया था।

मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 462 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रन की पारी खेलकर भारतीय पारी की नींव मजबूत की थी। उन्होंने 230 गेंदों का सामना किया और 15 चौके और एक छक्का लगाया था। पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ 162 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की थी। राहुल ने टीम के लिए 82 रन बनाए थे। जबकि, ध्रुव जुरेल ने 51 और ऋषभ पंत ने 39 रन का योगदान दिया था।

यह भी पढ़ें:कृपया मार्ग अवरुद्ध न करें, ई-उपस्थिति लगाना है, जबलपुर में अतिथि शिक्षक का अनोखा विरोध

भारत के 462 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर समाप्त हुई थी। सोनल दिनूषा ने 168 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली। जबकि, निरोशन डिकवेला ने 80 रन बनाए थे। भारत की ओर से पहली पारी में मानव सुथार ने चार और रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए थे।

भारत को पहली पारी के आधार पर बढ़त मिलने के बाद दूसरी पारी में भी ऋषभ पंत ने तेजतर्रार 66 रन बनाकर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया था। पंत ने 69 गेंदों की अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए थे। वहीं, केएल राहुल ने 35 और देवदत्त पडिक्कल ने 44 रन जोड़े थे। हालांकि, भारत की दूसरी पारी 193 रन पर खत्म हो गई थी। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने चार, प्रभात जयसूर्या ने तीन और लाहिरु कुमारा ने दो विकेट लिए थे।

भारत की ओर से पूरे मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पडिक्कल ने दोनों पारियों में मिलाकर 211 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, मानव सुथार के 10 विकेट ने श्रीलंका के खिलाफ भारत की जीत को निर्णायक बना दिया। अब सीरीज का दूसरा टेस्ट भारत के पास 1-0 की बढ़त के साथ होगा।

यह भी पढ़ें:कोलकाता के पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, 4 साल के बच्चे समेत 9 की मौत और 6 घायल