दफ्तर दरबारी: सीएम ऑफिस के अफसर की राजनीति सांसद पर भारी

MP Politics: सीएम ऑफिस में पदस्थ एक अफसर का मीडिया में दिया गया बयान बीजेपी की राजनीति में उबाल ला चुका है। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने तीखी प्रतिक्रिया में कहा कि अफसर को राजनीति में आना है तो पहले इस्तीफा दें। पूरा मामला एक खास राजनीति का अंग है।

Updated: Nov 29, 2026, 01:19 PM IST

लक्ष्मण सिंह मरकाम
लक्ष्मण सिंह मरकाम

आदिवासी  बीजेपी के कोर वोटर में शुमार होने लगे हैं। ऐसे में सीएम सचिवालय में पदस्थ एक अपर सचिव का बयान बीजेपी में ही दंगल का कारण बन गया। मुद्दा  मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास का नहीं भविष्य की चिंता का है। मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम दो दिवसीय दौरे पर मंडला पहुंचे थे। वहां आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाते हुए बिना नाम लिए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर निशाना साधा था।

लक्ष्मण सिंह मरकाम ने कहा था कि मंडला ने विकास के कई सुनहरे अवसर गंवा दिए। जिले का करीब 80 प्रतिशत बजट ट्राइबल फंड से आता है, इसके बावजूद यहां मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक और बड़े शैक्षणिक संस्थान नहीं खुल सके। उन्होंने अमरकंटक विश्वविद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि यह संस्थान मंडला में होता तो जिले को बड़ा लाभ मिलता। उनके मुताबिक, जनप्रतिनिधियों को संसद में मंडला, सिवनी और डिंडोरी के विकास के लिए मजबूती से आवाज उठानी चाहिए।

इस के बयान पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का गुस्सा फूट पड़ा है। फग्गनसिंह कुलस्ते ने मीडिया के सवालों पर लक्ष्मण सिंह मरकाम को आड़े हाथों लेते हुए उनकी कार्यशैली, अतीत की भूमिका और राजनीतिक मंशा पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देकर आदिवासियों को गुमराह नहीं करना चाहिए। अगर लक्ष्मण मरकाम को राजनीति में आना है तो पहले इस्तीफा दें और बीजेपी में शामिल होकर काम करें। पार्टी तय करेगी कि किसे चुनाव लड़ाना है। उन्होंने मरकाम पर राजनीतिक चश्मे से बयान देने का आरोप लगाया। हालांकि लक्ष्मण सिंह मरकाम ने बाद में कहा कि उनके बयान को गलत समझा गया।

सांसद कुलस्ते के तीखे पलटवार के बाद यह मामला राजनीतिक हलकों से निकलकर नौकरशाही के गलियारों में भी सुर्खियां बटोर रहा है। लक्ष्मण सिंह मरकाम आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को देखते हैं। स्वाभाविक है कि उनके दायरे का विस्तार भविष्य के राजनीतिक संकेत समझा जाएगा। माना जा रहा है कि यह पूरा मामला आदिवासी राजनीति और टिकट की दौड़ से जुड़ा है। यही कारण है कि सांसद कुलस्ते ने तीखा पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाने की तैयारी कर है ताकि अंदरूनी राजनीति में प्रतिस्पर्धा के अवसर खत्म हो जाए।

सीनियर आईएएस को बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत

अपनी स्थापना के हर जिले में विवादों से घिरे रहने वाले आईएएस शीलेंद्र सिंह के एक आदेश पर हाईकोर्ट ने तल्ख टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा है कि रीवा कमिश्नर शीलेंद्र सिंह को हिरासत से जुड़े नियमों की पूरी जानकारी नहीं है। उन्हें ‘बेसिक ट्रेनिंग’ की जरूरत है। यह टिप्पणी रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता को 6 महीने के लिए भोपाल सेंट्रल जेल में निरुद्ध करने के आदेश में कानूनी त्रुटियां देख कर की गई। चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोकजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने कमिश्नर से दो दिन में नया जवाब तलब किया।

आईएएस शीलेंद्र सिंह के लिए इस तरह की टिप्पणी पहले भी की गई है। छतरपुर में कलेक्टर रहते हुए संविदाकर्मी से जुड़े मामले पर हाईकोर्ट की अवमानना के मामले में उन्हें और तत्कालीन अधिकारी अमर बहादुर सिंह को 7 दिन की जेल और जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। इसके पहले जब वे नर्मदापुरम में कलेक्टर थे तब रेत विवाद, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ टकराव तथा तबादले को लेकर वे सुर्खियों में रहे थे।

दोषी कहे गए अफसरों को सजा के बदले तोहफा

इंदौर के भागीरथपुरा दूषित जलकांड में 36 लोगों की मौत हुई। जांच आयोग की 600 पेज की रिपोर्ट में अफसरों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए और तत्कालीन ईई संजीव कुमार श्रीवास्तव को इस कांड का सबसे बड़ा जिम्मेदार माना गया। लेकिन सरकार ने संजीव कुमार की सेवा भी बहाल कर दी। अब वे पीएचई के मुख्यालय में पदस्थ हैं। इतना ही नहीं जिन दो अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए पद से हटाया गया था, उन्हें कलेक्टर बना दिया गया है।

तत्कालीन नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव और अपर कमिश्नर रोहित सिसोनिया को इस घटना के बाद पद से हटाया गया था। बाद में दिलीप यादव को सागर तथा रोहित सिसोनिया को रायसेन जिले का कलेक्टर बना दिया गया। यानी सजा तात्कालिक साबित हुई और कुछ ही समय में अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी दे दी गई।

दोषी अफसरों को सजा के बदले तोहफा देने के इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कमेंट चर्चा में है।उमंग सिंघार ने भागीरथपुरा मामले की जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई केवल अधिकारियों तक सीमित न रहकर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और संबंधित कंपनी की भूमिका पर भी तय होनी चाहिए।

इस सप्ताह तय होगा अगले तीन साल का पुलिस का चेहरा

प्रदेश पुलिस का मुखिया कौन होगा यह 30 नवंबर तक तय हो जाएगा। वर्तमान डीजीपी को सेवावृद्धि देने पर केंद्र का फैसला वर्तमान डीजीपी ही नहीं अगले तीन सालों के लिए पुलिस का चेहरा बनने वाले अफसरों का निर्धारण कर देगा। नियमों के अनुसार राज्य सरकारों को मौजूदा डीजीपी की सेवानिवृत्ति से 3 महीने पहले यूपीएससी को प्रस्ताव भेजना होता है। सुप्रीम कोर्ट के 2019 के आदेश के अनुसार, विचार के लिए उन्हीं अधिकारियों का नाम भेजा जाना चाहिए जिनकी सेवानिवृत्ति में कम से कम 6 महीने की सेवा शेष हो। सुप्रीम कोर्ट ने कार्यवाहक डीजीपी की नियुक्ति पर रोक लगाई है ताकि नियमित प्रक्रिया को टाला न जा सके।

यदि वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना को तीन माह का एक्सटेंशन मिला तो डीजीपी के पैनल में बदलाव होगा और सीनियर आईपीएस वरूण कपूर पैनल से बाहर हो जाएंगे और फिर डीजीपी की रेस प्रज्ञा ऋचा, उपेंद्र जैन और पंकज श्रीवास्तव के बीच होगी। अगर मकवाना को 6 माह का एक्सटेंशन मिला तो उपेंद्र जैन भी पैनल से बाहर हो जाएंगे और अभी पैनल के पांचवें नंबर के सदस्य आदर्श कटियार पैनल में शामिल हो जाएंगे। स्वाभाविक है जैसा मुखिया होगा वैसा पुलिस का चेहरा और चरित्र होगा। यह सब अगले छह माह की पदस्थापना पर तय होना है क्योंकि यह अवधि तीन बड़े अफसरों के रिटायरमेंट से जुड़ी है।