भोपाल में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 5 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार
भोपाल के बड़वई में रविवार सुबह कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। प्लास्टिक और पुट्ठे से आग तेजी से फैली।
भोपाल के बड़वई इलाके में रविवार सुबह कबाड़ के एक गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पुट्ठा जमा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग से निकलने वाला घना धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। आग की सूचना मिलते ही गांधीनगर, कबाड़खाना सहित अन्य स्थानों से दमकल वाहन रवाना किए गए। फिलहाल तीन दमकलों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। फायर फाइटर पंकज यादव सहित दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे थे। आग की तीव्रता को देखते हुए पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कबाड़ का यह गोदाम गांव की आबादी से दूर स्थित है। इस वजह से फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखा सामान आग की चपेट में आने से बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ग्रामीण दमकलकर्मियों के साथ आग बुझाने में सहयोग भी किया।
गोदाम में ज्वलनशील सामग्री का भंडारण होने से आग पर नियंत्रण पाना दमकलकर्मियों के लिए चुनौती बना रहा था। प्लास्टिक और पुट्ठे के कारण आग लगातार फैल रही है और धुआं भी काफी घना उठा था। इसके चलते आसपास के लोगों को परेशानी हुई थी। आग की तीव्रता कम करने और जल्द नियंत्रण पाने के लिए फायर टीम फोम का इस्तेमाल भी किया गया था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।




