सिंधिया को 2 महीने में तीसरा बड़ा झटका, भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होंगे रघुराज सिंह धाकड़

रघुराज सिंह धाकड़ कांग्रेस पार्टी के पुराने नेता थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने के चलते वे सिंधिया के साथ भाजपा पार्टी में चले गए थे।

Updated: Aug 12, 2023, 06:50 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक के बाद एक भाजपा के कद्दावर नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सिंधिया के करीबी नेता रघुराज सिंह धाकड़ कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं। बैजनाथ सिंह यादव और राकेश गुप्ता के बाद रघुराज सिंह धाकड़ के रूप में सिंधिया को दो महीने में तीसरा बड़ा झटका लगने वाला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कोलारस विधानसभा के धाकड़ समाज के कद्दावर नेता सिंधिया समर्थक भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुराज सिंह धाकड़ आज सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ भोपाल रवाना होंगे। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के समक्ष वह कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेंगे।

रघुराज सिंह धाकड़ कांग्रेस पार्टी के पुराने नेता थे। वे किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी रहे हैं। अब रघुराज सिंह की एक बार फिर कांग्रेस में वापसी हो रही है। रघुराज सिंह धाकड़ जिस समाज से आते हैं। उस समाज की कोलारस विधानसभा में 30 हजार से अधिक वोटें हैं। इन्हीं वोटों पर सेंध लगाने के लिए कांग्रेस धाकड़ को पार्टी में शामिल करा रही है।

यह भी पढ़ें: चंबल के पूर्व दस्यु किंग मलखान सिंह कांग्रेस में शामिल, शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस धाकड़ को कोलारस विधानसभा से अपना प्रत्याशी भी घोषित कर सकती है। रघुराज सिंह धाकड़ से जब भाजपा से कांग्रेस में जाने को लेकर पूछा गया कि क्या कारण है कि आप भाजपा से कांग्रेस में जा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में तवज्जो नहीं मिलने के चलते उन्हें घर वापसी करना पड़ रहा है।

बता दें कि विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। पिछले 2 महीनों की बात करें तो 3 बड़े नेताओं ने सिधिंया का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। धाकड़ से पहले वरिष्ठ नेता बैजनाथ सिंह यादव व राकेश गुप्ता बीजेपी और सिधिंया का साथ छोड़ चुके हैं।