भिंड में दर्दनाक सड़क हादसा, बस ने ईको कार को मारी टक्कर, 4 की मौके पर मौत और 7 घायल

भिंड-ग्वालियर हाईवे पर बारात से लौट रही तेज रफ्तार बस ने ईको कार को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात घायल हुए।

Updated: Feb 21, 2026, 11:13 AM IST

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत छीमका गांव के पास भिंड-ग्वालियर हाईवे (NH-719) पर हुई। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक बस भिंड में बारात छोड़ने के बाद ग्वालियर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने यात्रियों से भरी एक ईको कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।