10 हजार करोड़ का लेनदेन, गांजे की खेती करने खरीदी 100 एकड़ जमीन, तोमर के बेटे को लेकर नया खुलासा
वायरल वीडियो में तोमर के बेटे से बातचीत करने वाले शख्स ने वीडियो जारी कर बातचीत की पुष्टि की है और कहा कि कैसे दलाली के अरबों रुपए गुरुद्वारा कमेटी के खातों से ट्रांसफर होते थे।

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर (देवेंद्र प्रताप सिंह) का अरबों की लेनदेन संबंधी वायरल वीडियो ने भूचाल मचा दिया है। सोमवार को दूसरा वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस एक बार फिर भाजपा पर हमलावर है। इसी बीच मंगलवार को एक तीसरा वीडियो सामने आया है जिसमें देवेंद्र तोमर से बातचीत करने वाले शख्स ने सबूतों के साथ पूर्व में वायरल दो वीडियो की सत्यता की पुष्टि की है।
वीडियो में देवेंद्र प्रताप सिंह से बातचीत करने वाला दूसरा व्यक्ति अपना नाम जगमनदीप सिंह बताया है और वह कनाडा में रहता है। वह कहता है कि चार पांच दिन से जो वीडियो वायरल हो रहा है। वह वीडियो केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र सिंह तोमर का है। वीडियो में दूसरी आवाज मेरी है। वह वीडियो मेरे घर में बना है। वीडियो की बातचीत सही है। उसमें खनन की कंपनी से पैसे का लेन देन हुआ है। जगमनदीप सिंह बताते हैं कि उनकी देवेंद्र प्रताप सिंह से 2018 में दोस्ती हुई थी। वह लॉकडाउन के समय मार्च 2020 को देवेंद्र प्रताप सिंह से मिलने इंडिया आया था।
नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर के करोड़ों का लेनदेन करते वायरल वीडियो मामले में नया खुलासा हुआ है। वीडियो कॉल पर मंत्री पुत्र से बात कर रहे शख़्स ने नया वीडियो जारी कर पूरी बातचीत की पुष्टि की है।
— MP Congress (@INCMP) November 14, 2023
यह पूरा मामला 100 या 500 करोड़ का नहीं बल्कि 10000 करोड़ का होना बताया जा… pic.twitter.com/OdBVoot6bR
शख्स ने कहा कि वह कनाड़ा में गांजा और भांग की खेती करता है। देवेंद्र प्रताप सिंह को भी गांजा और भांग की खेती करना थी। उस समय देवेंद्र प्रताप सिंह ने गांजा की खेती करने की इच्छा जताई थी, लेकिन पैसा आने पर खेती में लगाने की बात कही थी। वीडियो में त्यागी नाम के शख्स का जिक्र होने पर कहा कि उनके पास उनके प्रूफ है। शख्स वीडियो बनाने वाले का नाम न बताने की बात करते हुए कहता है कि उनके दादा फ्रीडम फाइटर थे। लेकिन उनके पिता राजनीति में नहीं गए तो वे कनाडा आकर बस गए।
वीडियो में शख्स बताता है कि पैसों का लेनदेन गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा के सहयोग से होता था। वह वीडियो में आरोप लगाता है कि सिरसा नकदी लेकर वायर के जरिए यह पैसा मंत्री के बेटे को दे देता था। वह आगे कहता है कि यह 500 करोड़ का मामला नहीं है। यह 10 हजार करोड़ का मामला है। वीडियो में शख्स देवेंद्र सिंह तोमर की पत्नी हर्षिनी का भी जिक्र कर उनके साथ उसकी चैट को दिखाता है। आगे कहता है कि उनके द्वारा 100 एकड़ जमीन बेनामी कंपनियों के नाम पर खरीदी गई है। वायरल वीडियो में एयरपोर्ट पर रुकी पार्सल के जिक्र के बारे में कहा है कि उसमें मेकअप और गांजा था।
बता दें कि तोमर के बेटे का वीडियो सामने आने के बाद से मध्य प्रदेश की सियासत में खलबली मच गई है। भाजपा नेताओं को इस मामले में जवाब देते नहीं बन रहा है। तोमर के बेटे ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली है। इधर, कांग्रेस लगातार पूछ रही है कि इस मामले में ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स की रेड क्यों नहीं होती।