MP के दो राज्यसभा सांसदों की दक्षिण भारत में करारी शिकस्त, तमिलनाडु में मुरुगन और केरल में कुरियन हारे
MP कोटे से राज्यसभा के दो सांसदों को दक्षिण भारत के चुनावी रण में करारी हार का सामना करना पड़ा है। एल. मुरुगन तमिलनाडु की अविनाशी सीट से और मंत्री जॉर्ज कुरियन केरल की कांजीरापल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे थे।
भोपाल। देश के 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। बीजेपी को पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में बड़ी जीत मिली है। वहीं, केरल में कांग्रेस और तमिलनाडु में TVK ने बाजी मारी है। दक्षिण के इन दो राज्यों में भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। दक्षिण के चुनाव परिणामों का कनेक्शन मध्य प्रदेश की राजनीति से भी जुड़ा है। दरअसल, मध्य प्रदेश के दो राज्यसभा सांसदों ने विधानसभा चुनाव लड़ा था। लेकिन दोनों ही सांसदों को हार का सामना करना पड़ना है।
डॉ. एल मुरुगन को तमिलनाडु में हार का सामना करना पड़ा है जबकि जॉर्ज कुरियन को केरल विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। केंद्र सरकार में मंत्री और एमपी से राज्यसभा सांसद एल. मुरुगन को भाजपा ने तमिलनाडु की अविनाशी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया था। लेकिन चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। मुरुगन को विजय की पार्टी टीवीके कमाली एस ने हराया है। मुरुगन को 68 हजार 836 वोट मिले थे। जबकि उनको हराने वाली कमाली एस 84 हजार 209 वोट मिले हैं। ऐसे में एल मुरुगन को 15 हजार 373 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है।
देखा जाए तो यह चुनाव मुरुगन की साख का सवाल था। क्योंकि वह तमिलनाडू में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा थे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। एल मुरुगन की सीट पर मुकाबला दिलचस्प रहा था। यहां बीजेपी के साथ अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके और डीएमके में मुकाबला था। 28 राउंड की काउटिंग में आगे पीछे का खेल चलता रहा। लेकिन बाद में विजय की पार्टी की कमाली एस ने एक तरफ बढ़त बना ली और डॉ. एल मुरुगन पिछड़ गए। एल मुरुगन वर्तमान में तमिलनाडू की राजनीति में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा माने जाते हैं. वह तमिलनाडू में बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में मोदी सरकार में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री हैं।
जॉर्ज कुरियन वर्तमान में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं और मोदी सरकार में मंत्री भी हैं। पार्टी ने उन्हे केरल की कांजीरापल्ली विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। लेकिन यहां कुरियन यहां तीसरे नंबर पर आ गए है। कुरियन को चुनाव में केवल 26 हजार 984 वोट मिले है। यहां कांग्रेस के रॉनी के बेबी ने जीत हासिल की है। उन्हें 56 हजार 646 वोट मिले थे। जबकि दूसरे नंबर केरल कांग्रेस के डॉ. एन जयराज रहे। उन्हें 50 हजार 874 वोट मिले। जबकि तीसरे नंबर पर जॉर्ज कुरियन रहे। वह भी यहां पार्टी का बड़ा ईसाई चेहरा माने जा रहे थे। हालांकि उनका राज्यसभा कार्यकाल मई में खत्म हो रहा है। ऐसे में भाजपा अब उन्हें दूसरी बार राज्यसभा भेजती है या नहीं यह देखना दिलचस्प होगा।




