बेंगलुरु के स्कूल में प्रोफेसर का प्रपोजल ड्रामा, छात्रा ने चप्पल से पीटा, आरोपी शिक्षक सस्पेंड
बेंगलुरु के सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज में एक प्रोफेसर ने क्लासरूम में छात्रा को गुलाब और चॉकलेट देकर प्रपोज किया। इससे भड़की छात्रा और अन्य छात्रों ने सरेआम प्रोफेसर को चप्पलों से पीट दिया।
बेंगलुरु। बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला स्थित सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज में एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे कैंपस का माहौल गरमा दिया है। यहां एक प्रोफेसर द्वारा क्लास के दौरान छात्रा को चॉकलेट और फूल देकर प्रपोज करने की कोशिश की थी। जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि मामला हिंसा तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्रा प्रोफेसर को चप्पल से मारती नजर आ रही है और अन्य छात्र भी उसके साथ हाथापाई करते दिख रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रोफेसर की पहचान अब्दुल के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने क्लासरूम में ही एक छात्रा को चॉकलेट और फूल देकर अपने प्रेम का इजहार किया था। इस पर छात्रा ने तुरंत विरोध जताते हुए अपने सहपाठियों के सामने प्रोफेसर को फटकार लगाई। हालांकि, प्रोफेसर ने अपनी सफाई में दावा किया कि छात्रा ने पहले उससे अपने प्रेम का इजहार किया था। जिसका उसके पास इसके सबूत भी मौजूद हैं।
घटना की जानकारी जैसे ही अन्य छात्रों तक पहुंची वैसे ही कैंपस में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए छात्रों ने प्रोफेसर का घेराव कर लिया। जिसके बाद मामले पर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्रा ने प्रोफेसर पर चप्पल से हमला किया। वहीं, अन्य छात्र भी उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब छात्रों ने प्रोफेसर का पूरे कैंपस में पीछा किया और उसकी कार तक पहुंचकर दोबारा हमला किया। इस दौरान प्रोफेसर घायल हो गया लेकिन किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा। यह पूरा मामला नेलमंगला ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रोफेसर को निलंबित कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन आगे की जांच में जुट गए हैं।




