रीवा एयरपोर्ट पर बड़ी लापरवाही, 72 बुकिंग के बावजूद भेजा 48 सीटर विमान, यात्री भड़के

रीवा एयरपोर्ट पर रविवार रात अलायंस एयर की बड़ी लापरवाही से हंगामा मच गया। 72 सीटों वाले विमान की जगह 48 सीटों वाला छोटा प्लेन भेजने से कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को यात्रा करने से रोक दिया गया।

Updated: May 04, 2026, 03:30 PM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा एयरपोर्ट पर रविवार रात अलायंस एयर की गंभीर लापरवाही सामने आई। 72 सीटों वाली प्लेन की बुकिंग होने के बावजूद एयरलाइन ने केवल 48 सीटों वाला छोटा विमान भेज दिया। सीटों की कमी के कारण कन्फर्म टिकट रखने वाले करीब 15 यात्रियों को दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया और उन्हें वापस लौटना पड़ा।

घटना रविवार रात की है। यात्रियों के अनुसार, उन्हें विमान बदले जाने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। बोर्डिंग के दौरान अचानक स्थिति सामने आई जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक इंटरव्यू के लिए दिल्ली जा रही अमरपाटन निवासी शिवानी जैन भी प्रभावित यात्रियों में शामिल थी। उन्होंने बताया कि उनकी फ्लाइट रात 9 बजे थी और वह निर्धारित समय से करीब दो घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंच गई थी।

यह भी पढ़ें:बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का 34 मीटर हिस्सा ढहा, 16 जिलों की कनेक्टिविटी प्रभावित

शिवानी जैन ने आरोप लगाया है कि उनके पास कन्फर्म टिकट होने के बावजूद बोर्डिंग के समय उन्हें रोक दिया गया। एयरलाइन स्टाफ ने पहले यह कहकर उन्हें इंतजार कराया कि सिस्टम में उनका टिकट नहीं दिख रहा है। लगभग एक घंटे तक इंतजार कराने के बाद अधिकारियों ने सीटों की कमी का हवाला देते हुए उन्हें यात्रा नहीं करने दिया। अन्य यात्रियों ने भी इसी तरह की शिकायतें कीं और कहा कि एयरलाइन ने विमान बदलने की जानकारी पहले साझा नहीं की।

यात्रा से रोके जाने पर शिवानी और उनके परिजनों ने एयरपोर्ट पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए हंगामा किया। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी अव्यवस्था और कुप्रबंधन को लेकर असंतोष जाहिर किया। हंगामे के बीच एयरपोर्ट और एयरलाइन से जुड़े अधिकारियों ने माना कि छोटा विमान आने के कारण सीटों की संख्या कम पड़ गई। जिसकी वजह से करीब 15 यात्रियों को फ्लाइट में जगह नहीं मिल सकी।

यह भी पढ़ें:होर्मुज में फंसे जहाजों को निकालेगा अमेरिका, राष्ट्रपति ट्रंप ने की प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने की घोषणा