रंगमंच के दिग्गज अभिनेता आलोक चटर्जी का भोपाल में निधन, ओम पुरी के बाद NSD के दूसरे गोल्ड मेडलिस्ट रहे
जाने-माने थिएटर अभिनेता आलोक चटर्जी का 64 साल की उम्र में निधन हो गया। सोमवार रात 12 बजे भोपाल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
भोपाल। रंगमंच के दिग्गज अभिनेता आलोक चटर्जी का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि चटर्जी ने सोमवार रात करीब बारह बजे भोपाल में अंतिम सांस ली। चटर्जी 64 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
आलोक चटर्जी मध्य प्रदेश स्कूल ऑफ ड्रामा( MPSD) के पूर्व निदेशक भी थे। अभिनेता ओम पुरी के बाद एनएसडी (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) के दूसरे गोल्ड मेडलिस्ट रहे। हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार रहे इरफान खान से भी आलोक चटर्जी की गहरी दोस्ती थी। दोनों ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में साल 1984 से लेकर 1987 तक एक साथ पढ़ाई की।
दोनों ने तीन साल तक नाटकों में लीड रोल भी निभाए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से सम्मानित किया था। चार दिन बाद (11 जनवरी) उनका जन्मदिन आने वाला था।
रंगकर्मी बालेंद्र बालू ने बताया कि सोमवार रात करीब 11-12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वह कई बीमारियों से जूझ रहे थे। किडनी पैंक्रियाज में भी समस्याएं थीं। उन्हें बंसल हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। उनके शरीर में इन्फेक्शन फैल गया था। इसके चलते उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।
मध्य प्रदेश के दमोह में जन्मे आलोक चटर्जी 8वीं कक्षा पास कर जबलपुर चले गए थे। इसके बाद वे भोपाल में बस गए। बाद में उन्होंने दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा से ड्रामा में डिग्री हासिल की। आलोक चटर्जी NSD से बेस्ट एक्टिंग के लिए गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले दूसरे शख्स थे। उनसे पहले दिग्गज फिल्म स्टार ओम पुरी को नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा से गोल्ड मेडल मिला था।