हमें आजादी तो मिली, लेकिन अखंड भारत नहीं मिला, स्वतंत्रता दिवस पर बोले सीएम शिवराज

क्रांतिकारियों की त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण भारत आजाद हुआ। एक कसक हमारे सीने में आज भी है। आजादी तो मिली, लेकिन अखंड भारत नहीं मिला। उस समय ऐतिहासिक भूल हुई भारत के टुकड़े कर दिए गए: सीएम शिवराज सिंह चौहान

Updated: Aug 15, 2023, 11:09 AM IST

भोपाल। देश आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी भोपाल स्थित लाल परेड मैदान में ध्वजारोहण किया। इस दौरान सीएम चौहान ने कहा कि सन 1947 में हमें आजादी तो मिली लेकिन अखंड भारत नहीं मिल।

लाल परेड ग्राउंड से प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए सीएम चौहान ने कहा, 'क्रांतिकारियों की त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण भारत आजाद हुआ। लेकिन, एक कसक हमारे सीने में आज भी है। हमें आजादी तो मिली, लेकिन अखंड भारत नहीं मिला। उस समय ऐतिहासिक भूल हुई और भारत के टुकड़े कर दिए गए। उस समय कश्मीर की आजादी के लिए हमारी सेना लड़ रही थीं। अचानक युद्ध विराम हो गया और कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान में रह गया।'

सीएम चौहान ने आगे कहा, 'भारत के कश्मीर में धारा 377 लगाकर इसे भारत के साथ एक नहीं होने दिया गया। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस धारा को खत्म कर 'एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे' के संकल्प को पूरा किया गया है।' उन्होंने कहा कि दुनिया को आदर्श देने वाला हमारा देश आपसी मतभेदों के कारण बीच में गुलामी का शिकार हुआ। पहले मुगल, फिर अंग्रेजों के आक्रमण हुए। तब भी भारत ने अपनी संस्कृति, दर्शन, परंपरा को नहीं छोड़ा। भारत की आत्मा मरी नहीं। हमारे महापुरुष संघर्ष करते रहे।

सीएम ने आगे कहा, 'भारत का इतिहास 75 साल पुराना नहीं है। जब दुनिया के विकसित देशों में सभ्यता का सूर्य उदय नहीं हुआ था, तब हमारे यहां वेद रच दिए गए थे। भारत ने दुनिया को हजारों साल पहले दुनिया को एकता का संदेश दिया। हमारे ऋषि कहते थे- एकम सत्यम विप्रा बहुधा वदंति, यानी- सत्य एक है, बुद्धिमान अलग-अलग तरीके से इसे कहते हैं। यह वो धरती है, जहां सत्यमेव जयते का उद्घोष हुआ। इस धरती ने हजारों साल पहले कहा कि सारी दुनिया ही एक परिवार है। धर्म की जय यानी अच्छाई की जय, अधर्म का नाश यानी बुराइयों का नाश हो।,'

सीएम शिवराज ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, 'वतन की आजादी के लिए मर मिटने वालों ने जिस गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली और समृद्धशाली भारत के निर्माण का सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री ने पिछले 9 वर्षों में अपने संकल्‍पों से साकार किया है। PM मोदी के नेतृत्व में भारत का उदय हुआ है।' उन्होंने अपने कार्यकाल को लेकर कहा, 'मध्य प्रदेश भी कभी बीमारु राज्य माना जाता था। तब के और अब के मध्यप्रदेश में आज जमीन और आसमान का अंतर है। उत्तरी मध्यप्रदेश में डाकुओं का आतंक था। पुलिस बल को बधाई हमने चंबल के बीहड़ों से डकैत समाप्त कर दिए। हमने नक्सलवाद को भी नेस्तनाबूद किया। आतंकवाद के नेटवर्क को भी ध्वस्त किया है।'

सीएम ने इस दौरान ऐलान करते हुए कहा कि ओरछा में रामराज लोक, चित्रकूट में वनवासी रामलोक, महेश्वर में अहिल्या लोक, दतिया में पीतांबरा लोक और भोपाल में महाराणा प्रताप लोक का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने इससे पहले ध्वजारोहण कर ओपन जीप में परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में पुलिस और होमगार्ड जवानों को सम्मानित भी किया गया। इससे पहले CM शिवराज ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया। भोपाल के शौर्य स्मारक पहुंचकर शहीदों व क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी।