MP में बदला मौसम का मिजाज, कई जगह आंधी, बारिश और ओलावृष्टि, 17 जिलों के लिए अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। भोपाल-ग्वालियर समेत कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग ने आज फिर 17 जिलों में भयंकर तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Updated: May 01, 2026, 01:41 PM IST

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। गुरुवार को भोपाल और ग्वालियर समेत प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई थी। जबकि, उमरिया और मुरैना में ओलावृष्टि भी हुई थी। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ग्वालियर सहित 17 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार को सुबह से लेकर देर रात तक कई इलाकों में मौसम लगातार बदला हुआ रहा था। भोपाल, ग्वालियर, सतना, श्योपुर, टीकमगढ़, रायसेन, बालाघाट, छतरपुर, मुरैना, सागर, पन्ना, मैहर, उमरिया और रीवा जैसे जिलों में कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं आंधी के साथ ओले गिरे। राजधानी भोपाल में तेज हवाओं के कारण कोलार रोड सहित कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़ने की घटनाएं सामने आई थी। जिसकी वजह से जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

यह भी पढ़ें:कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफा, 993 रूपए तक महंगा हुआ

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, पन्ना, कटनी, दमोह, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि, कुछ इलाकों में शाम के समय तेज हवाएं चल सकती हैं।

आमतौर पर मई महीने की शुरुआत तेज गर्मी के साथ होती है लेकिन इस बार शुरुआती दिनों में ही आंधी-बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें:अलवर एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, कार में आग लगने से MP के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई है।