ताउते चक्रवात के कारण पी 35 पर मौजूद 38 लोगों की मौत, 37 लोग अब भी लापता

अरब सागर में पी 35 फंसने के बाद यह सोमवार को डूब गया था, इस बजरे में कुल 261 लोग मौजूद थे, जिसमें 186 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है

Updated: May 20, 2021, 07:22 AM IST

Photo Courtesy: Hindustan
Photo Courtesy: Hindustan

मुंबई। ताउते के कारण अरब सागर में डूबे पी 35 के 38 लोगों की मौत की अब तक पुष्टि हो गई है। इस बजरे में सवार 37 लोग अब भी लापता हैं। जबकि 186 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। नौसेना नेबुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बचाव कार्य का ऑपरेशन किया। 

अरब सागर में मौजूद पी 35 ताउते चक्रवात के कारण सोमवार को डूब गया था। भयानक चक्रवात होने के कारण बजरे में सवार लोगों के बचने की संभावना बेहद कम थी। लेकिन पी 81 एयरक्राफ्ट और सी किंग हेलीकॉप्टर की मदद से नौसेना के हवाई मार्ग के जरिए चलाए गए बचाव कार्य ने 186 लोगों को सुरक्षित बचा लिया। इस बजरे पर कुल 261 लोग सवार थे। हालांकि 37 लोग अब भी लापता हैं। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब लापता लोगों के जीवित होने के संभावना बेहद कम है। अब तक बरामद हुए शवों के सिलसिले में पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट यानी एडीआर दर्ज कर ली है। इन शवों को नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोच्चि और कोलकाता की मदद से मुंबई लेकर पहुंचे। 

यह भी पढ़ें : टूलकिट केस: संबित पात्रा और रमन सिंह के खिलाफ रायपुर में FIR, NSUI ने की थी शिकायत

चार दिन चले इस बचाव अभियान के बाद अब इस पूरे मामले की तफ्तीश की ज़िम्मेदारी मुंबई पुलिस को दी गई है। मुंबई पुलिस अब यह पता करने में जुटेगी कि आखिर जब ताउते चक्रवात को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई थी, तब भी पी 35 सागर में क्यों रुका रहा।