Bharat Jodo Yatra in Delhi: सड़कों पर उमड़ा हुजूम, राहुल का साथ देने सोनिया और प्रियंका गांधी भी पहुंचीं
दिल्ली पहुंची भारत जोड़ो यात्रा में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी समेत लाखों लोग शामिल हुए। राजधानी की सड़कें भारत जोड़ो यात्रा के रंग में रंगी नजर आई।

नई दिल्ली। तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश कर गई। दिल्ली की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। राजधानी पूरी तरह से भारत जोड़ो यात्रा की रंग में रंगी नजर आई। खास बात ये है कि आज सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल हुईं। इधर ट्विटर पर "रोक सको तो रोक लो" ट्रेंड कर रहा है।
दिल्ली के इतिहास में होंगे दर्ज,
— Bharat Jodo (@bharatjodo) December 24, 2022
भारत जोड़ो यात्रा के, ये लाखों कदम!#BharatJodoYatra pic.twitter.com/ISMMCevZib
भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में प्रवेश करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, 'कुछ लोग नफरत फैला रहे हैं लेकिन देश का आम आदमी अब प्यार की बात कर रहा है। हर राज्य में लाखों लोग यात्रा में शामिल हुए हैं। मैंने आरएसएस-बीजेपी के लोगों से कहा है कि हम यहां आपके नफरत के 'बाजार' में प्यार की दुकान खोलने आए हैं। मैं जब कन्याकुमारी से चला तब मुझे एक बात पता चली कि इस देश में नफरत नहीं है, इस देश में सिर्फ मोहब्बत है। नफरत सिर्फ मीडिया वाले दिखाते हैं।'
माँ की ममता, बहन का स्नेह, देश का प्यार,
— Bharat Jodo (@bharatjodo) December 24, 2022
ये मिले तो हर मक़ाम मुक्कमल हो जाता है।#BharatJodoYatra pic.twitter.com/E0BpslBaht
यात्रा में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के शामिल होने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह भी दोगुना हो गया। राहुल गांधी ने मां सोनिया के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट कर लिखा है कि, 'जो मोहब्बत इनसे मिली है, वही देश से बांट रहा हूं।' यात्रा में आज भारी संख्या में महिलाएं भी दिखीं। सड़कों पर जगह जगह महिलाएं पारंपरिक नृत्य कर रहीं थीं।
जो मोहब्बत इनसे मिली है,
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 24, 2022
वही देश से बांट रहा हूं। pic.twitter.com/y1EfLqxluU
राजधानी दिल्ली में इस यात्रा में भारी भीड़ पहुंची है। इस वजह से दिल्ली पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा जगह ट्रैफिक डायवर्ट किया है। वहीं, बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक हैवी ट्रैफिक रहने की संभावना जताई है। दिल्ली कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा शनिवार को 23 किमी का सफर तय करके शाम साढ़े चार बजे लाल किले पर समाप्त होगी। इसके बाद यात्रा में 9 दिन का ब्रेक रहेगा।
भारत जोड़ो यात्रा के लाल किले पर समापन के बाद राहुल गांधी आज दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि स्थल भी जाएंगे। इसके अलावा उनका राजघाट, शक्ति स्थल, वीर भूमि, शांति वन और विजय घाट जाने का भी प्लान है।
कन्याकुमारी से शुरू यह यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा पार कर चुकी है। दिल्ली 10 वां राज्य है। यात्रा में अब तक देश की नामचीन हस्तियां शामिल हुईं हैं। इनमें भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन, कॉमेडियम कुणाल कामरा, बॉलिवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर, रिया सेन और पूजा भट्ट, इंटरनेशनल बॉक्सर ओलंपिक विजेता विजेंदर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लेने वाली महिला लीलाबाई चितले के अलावा विपक्षी दलों के कई नेता शामिल हैं।