दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 17 साल का रिकॉर्ड

राजधानी में आज सुबह पारा गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, नवंबर के महीने में दिल्ली में 17 साल से ऐसी सर्दी नहीं पड़ी

Updated: Nov 23, 2020, 03:03 PM IST

Photo Courtesy: DNA India
Photo Courtesy: DNA India

नई दिल्ली। दिल्ली की सर्दी ने इस बार सत्रह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार यानी आज सुबह देश की राजधानी का तापमान गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। नवंबर के महीने में यह पिछले सत्रह साल की सबसे सर्द सुबह रही। इससे पहले कल यानी रविवार की सुबह भी दिल्ली का पारा 6.9 फीसदी रहा था। लेकिन आज की सुबह कल से भी ज़्यादा सर्द रही। 

जानकारों का मानना है कि इस साल पहाड़ों पर हुई अच्छी खासी बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों का तापमान और गिर सकता है। दिल्ली में बीते दिनों बारिश हुई थी। इससे तापमान में गिरावट आई और इससे भी अच्छी बात यह रही कि प्रदूषण से भी छुटकारा मिला। हालांकि आने वाले दिनों में मुश्किल बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मजा नहीं बल्कि सजा देने वाली सर्दी पड़ेगी और प्रदूषण का स्तर भी बढ़ेगा।

देश के बाकी इलाकों में मौसम का हाल

स्काईमेट के अनुसार, उत्तर भारत के कई मैदानी शहरों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम चल रहा है। रविवार को देश के मैदानी भागों में सबसे ठंडा शहर रहा पंजाब का अमृतसर, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के भी अन्य कई शहरों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। आगामी 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद के भागों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।