बिहार से ही आता है देश में बदलाव, आगामी चुनाव में हमें RSS की विचारधारा को हराना है: राहुल गांधी
पटना पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि बिहार को देश की लेबर फैक्ट्री बना दी है। आप लोग मेहनत करते हैं, काम करते हैं, GST देते हैं। लेकिन.. नरेंद्र मोदी देश का पूरा धन चंद अरबपतियों को सौंप देते हैं।

पटना। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी शनिवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। यहां उन्होंने संविधान की रक्षा को लेकर आयोजित "संविधान सुरक्षा सम्मेलन" और न्याय योद्धा कांग्रेस कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार सीएम नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा, 'बिहार एक क्रांतिकारी प्रदेश है।देश में जब भी बदलाव आता है, बिहार से आता है।अगला चुनाव बिहार में है और ये विचारधारा की लड़ाई है। आप सभी कांग्रेस के बब्बर शेर हो, RSS-BJP की विचारधारा को हमें हराना है। इंडिया गठबंधन BJP-RSS को हराएगा। बिहार को देश की लेबर फैक्ट्री बना दी है। आप लोग मेहनत करते हैं, काम करते हैं, GST देते हैं। लेकिन.. नरेंद्र मोदी देश का पूरा धन चंद अरबपतियों को सौंप देते हैं।'
यह भी पढ़ें: एकलव्य की तरह युवाओं का अंगूठा काटा जा रहा, BPSC स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज को लेकर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में 1 करोड़ वोटर का अंतर है।इन 1 करोड़ लोगों ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोट दिया लेकिन लोकसभा में वोट नहीं दिया। हम चुनाव आयोग से महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव की वोटर लिस्ट मांग रहे हैं। लेकिन चुनाव आयोग वोटर लिस्ट देने को तैयार नहीं। देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ संविधान और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा है, जो 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान' खोलती है। दूसरी तरफ BJP-RSS की विचारधारा है, जो देश में नफरत और हिंसा फैलाती है। BJP का मुकाबला सिर्फ कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और उसका कार्यकर्ता ही कर सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार शिक्षा का सेंटर ही बिक गया है। बिहार में युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता। मंहगाई बढ़ती जा रही है। गरीब कुचले जा रहे हैं। इनके लिए कांग्रेस पार्टी को लड़ना है। देश की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए जाति जनगणना होनी चाहिए। यह बिहार में की गई फर्जी जाति जनगणना की तरह नहीं होगी। जाति जनगणना के आधार पर नीति बनाई जानी चाहिए। कांग्रेस जाति जनगणना को लोकसभा और राज्यसभा में पारित करेगी। हम 50% आरक्षण की बाधा को ध्वस्त कर देंगे।