एकलव्य की तरह युवाओं का अंगूठा काटा जा रहा, BPSC स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज को लेकर बरसे राहुल गांधी
NDA की सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए उल्टा छात्रों पर ही लाठी चार्ज करवा रही है। यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: राहुल गांधी
 
                                    नई दिल्ली/पटना। बिहार में BPSC (बिहार लोक सेवा आयोग) की परीक्षा में पेपर लीक के मामले में बवाल बढ़ता जा रहा है। पेपर लीक के आरोपों के चलते पटना में हजारों छात्र सड़कों पर हैं। बुधवार को पटना में पुलिस द्वारा स्टूडेंट्स पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज की गई। इसे लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने NDA सरकार पर हमला।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'मैंने संसद में कहा था कि जिस तरह एकलव्य का अंगूठा कटवाया गया था उसी तरह पेपर लीक करवाकर युवाओं का अंगूठा काटा जाता है। इसका ताज़ा उदाहरण बिहार है। BPSC अभ्यार्थी पेपर लीक के ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे हैं और एग्जाम को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।'
राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'लेकिन NDA की सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए उल्टा छात्रों पर ही लाठी चार्ज करवा रही है। यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम उनके साथ हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लड़ेंगे।'
दरअसल, 13 दिसंबर को आयोजित BPSC के प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पेपर लीक की खबरों ने छात्रों को सड़कों पर उतरने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा आयोजित करने की मांग की। छात्रों ने पटना में BPSC कार्यालय का घेराव किया। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। उसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। जिनमें छात्रों, खासकर महिला प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई दिखाई दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया गया।
यह भी पढ़ें: महात्मा गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा, बेलगावी में CWC से पहले बोले दिग्विजय सिंह
बता दें कि 13 दिसंबर को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में कई गड़बड़ियों के आरोप लग रहे हैं। छात्रों का कहना है कि उन्हें प्रश्न पत्र देरी से मिले। और कई जगहों पर उत्तर पुस्तिकाएं फटी हुई थीं। इससे पेपर लीक की आशंका और बढ़ गई। वहीं, BPSC के चेयरमैन परमार रवि मनुभाई ने परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल पटना के बापू परीक्षा परिसर में परीक्षा दोबारा आयोजित करने की घोषणा की, जो 4 जनवरी 2025 को होगी।




 
                             
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
                                    
                                 
                                     
                                     
                                     
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								