कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफा, 993 रूपए तक महंगा हुआ
1 मई से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में करीब 993 रुपए की भारी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में रेट 3071.50 रुपए पहुंच गया है।
देश में 1 मई से कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो गई है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम में करीब 994 रुपए तक का इजाफा किया है। जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 2,078.50 रुपए से बढ़कर 3,071.50 रुपए हो गई है। इस फैसले का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार पर पड़ेगा। जबकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार, यह बढ़ोतरी हाल के समय की सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 2,031 रुपए से बढ़कर 3,024 रुपए हो गया है। जबकि, कोलकाता में 2,208 रुपए से बढ़कर 3,202 रुपए और चेन्नई में 2,246.50 रुपए से बढ़कर 3,237 रुपए तक पहुंच गया है। अलग-अलग शहरों में कीमतों में मामूली अंतर है लेकिन हर जगह उछाल बेहद तेज रहा है।
कीमतों में इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की बढ़ती कीमतें और पश्चिम एशिया में जारी तनाव को प्रमुख वजह माना जा रहा है। वैश्विक स्तर पर सप्लाई प्रभावित होने से तेल और गैस के दामों में तेज उछाल आया है। इसका असर अब भारतीय बाजार में भी दिख रहा है। तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय कीमतों और रुपये-डॉलर विनिमय दर के आधार पर LPG के दाम तय करती हैं।
लगातार तीसरे महीने कमर्शियल LPG महंगा हुआ है। 1 मार्च को 114.50 रुपए, 1 अप्रैल को 195.50 रुपए और अब 1 मई को 994 रुपए की बढ़ोतरी के साथ तीन महीनों में कुल बढ़ोतरी 1,300 रुपए से ज्यादा हो चुकी है। इससे छोटे कारोबारियों और फूड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों पर लागत का दबाव तेजी से बढ़ा है।
इस बढ़ोतरी का असर आम लोगों पर भी अप्रत्यक्ष रूप से पड़ेगा। रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक बढ़ी हुई लागत को कवर करने के लिए खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ा सकते हैं। चाय, नाश्ता, थाली और शादी-ब्याह की कैटरिंग सेवाएं महंगी होने की संभावना है।
हालांकि, आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह अभी भी करीब 913 रुपए के आसपास स्थिर बना हुआ है। घरेलू गैस की कीमतों में आखिरी बार 7 मार्च को 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, पेट्रोल और डीजल के दाम भी फिलहाल स्थिर हैं।




