Delhi Exit Polls: दिल्ली एग्जिट पोल के नतीजों में BJP सरकार बनने का अनुमान, AAP को झटका

दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ रहे हैं। इसमें आप को झटका लगता दिख रहा है।

Updated: Feb 05, 2025, 07:53 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। खबर लिखे जाने तक 10 एग्जिट पोल आए हैं। इनमें से आठ के नतीजों में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है।

एग्जिट पोल के पोल ऑफ पोल्स में भाजपा को 39, AAP को 30 और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान है। JVC और पोल डायरी ने अपने एग्जिट पोल में अन्य को भी 1-1 सीट मिलने का अनुमान जताया है।

Matrize के एग्‍ज‍िट पोल के मुताबिक, बीजेपी को 48 फीसदी वोट मिलते नजर आ रहे हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी बहुत पीछे नहीं है। उसे 44 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। कांग्रेस को 8 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

Matrize के एग्‍ज‍िट पोल में बीजेपी को 35 से 40 सीटें मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को 32 से 37 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। जबक‍ि चाणक्‍या के एग्‍ज‍िट पोल में बीजेपी को 39-44 सीटें मिल सकती हैं। आम आदमी पार्टी को 25-28 सीटें मिलने के आसार हैं। कांग्रेस को 2 से तीन सीटें मिलने का अनुमान है।

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर बुधवार शाम 5 बजे तक 57.70% वोटिंग हो चुकी है। मतदान का वक्त 6 बजे खत्म हो चुका है, लेकिन लाइन में लगे लोगों के वोट पड़ रहे हैं। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित होंगे। सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत है।