लद्दाख में खाई में गिरा भारतीय सेना का ट्रक, 9 जवानों की मौत

दुर्घटना लेह से करीब 150 किलोमीटर दूर कियारी में हुई। यह जगह न्योमा के पास है जो चीन से लगी सीमा के करीब हैं। हादसा शनिवार शाम चार से पांच बजे के बीच हुआ।

Updated: Aug 20, 2023, 02:16 AM IST

लेह। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में शनिवार को भारतीय सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में सेना के 9 जवानों की मौत हो गई जबकि एक की स्थिति नाजुक है। पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं ने इस हादसे पर दुःख जताया है।

लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी डी नित्या ने मीडिया को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त सेना के ट्रक में 10 जवान सवार थे और लेह से न्योमा की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में वाहन के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वाहन शाम 4.45 बजे गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 9 जवानों की मौत हो गई। जबकि एक घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे में 8 जवानों की मौत हो गई और 2 घायल हुए थे। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान एक और जवान की मौत हो गई। दूसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) सहित 9 जवान शामिल हैं।

पीएम मोदी ने इस हादसे पर दुःख जताते हुए कहा कि लेह के पास दुर्घटना से दुख हुआ जिसमें हमने भारतीय सेना के कर्मियों को खो दिया। राष्ट्र के प्रति उनकी समृद्ध सेवा सदैव याद रखी जायेगी। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। जो लोग घायल हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों।

घटना पर दुःख जताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि, "लद्दाख में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हमारे कई जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जवानों के शोकाकुल परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।"

कांग्रेस अध्यक्ष मलिक्कार्जुन खड़गे ने भी ट्विटर पर लिखा कि, "लेह में सेना के एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से 9 जवानों के शहीद होने का समाचार बेहद दुखदाई है। हमारे बहादुर जवानों के हम हमेशा ऋणी रहेंगे। वीर जवानों के शोक संतप्त परिवार एवं परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। घायलों की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं। इस दुःख की धड़ी में पूरा देश आपके साथ है।"

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, "लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ है। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"